मुंबई | बॉलीवुड की सबसे लोकप्रिय कॉमेडी फ्रेंचाइजी ‘वेलकम’ के फैंस के लिए एक और बड़ी खुशखबरी सामने आई है। निर्माता फिरोज नाडियाडवाला ने आधिकारिक तौर पर पुष्टि कर दी है कि ‘वेलकम 4’ पर काम तेजी से चल रहा है।
फिल्म की पटकथा अपने अंतिम चरण में है और इस बार मुकाबला केवल एक डॉन से नहीं, बल्कि कई विलेन्स से होने वाला है। फिल्म में अक्षय कुमार, नाना पाटेकर, अनिल कपूर और परेश रावल की प्रतिष्ठित चौकड़ी की वापसी तय मानी जा रही है।
मल्टी-कल्चरल म्यूजिक और ग्लोबल एक्शन
ETimes से बात करते हुए नाडियाडवाला ने बताया कि ‘वेलकम 4’ का पैमाना पिछली फिल्मों से कहीं अधिक बड़ा होगा। उन्होंने खुलासा किया कि फिल्म के संगीत के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सहयोग किया जा रहा है। इसमें चीन, मिडिल ईस्ट, अफ्रीका और अमेरिका के संगीतकारों को एक साथ लाने की योजना है। संगीत के साथ-साथ फिल्म के एक्शन दृश्यों को भी भव्य बनाने की तैयारी है।
एक नहीं, कई ‘डॉन’ बढ़ाएंगे मुश्किल
निर्माता ने फिल्म की कहानी को लेकर एक दिलचस्प संकेत दिया। उन्होंने कहा, “उदय भाई, मजनू भाई और डॉ. घुंघरू का एक साथ आना और उनके सामने एक से ज्यादा विलेन्स (Antagonists) का होना, रिक्टर स्केल पर 10 की तीव्रता वाले भूकंप जैसा होगा। हम किरदारों को ध्यान में रखकर ही दृश्यों को लिख रहे हैं।”
‘वेलकम टू द जंगल’ की देरी पर सफाई
फ्रेंचाइजी की तीसरी फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ की रिलीज में देरी की खबरों को खारिज करते हुए फिरोज ने स्पष्ट किया कि फिल्म का काम पूरी तरह संपन्न हो चुका है। अहमद खान के निर्देशन में बनी इस फिल्म में सितारों की भारी फौज नजर आएगी, जो चौथी किस्त के लिए आधार तैयार करेगी।



