नई दिल्ली। पूरी दुनिया आज जहां वैलेंटाइन डे मना रही है, वहीं यूपी के नोएडा से सनसनीखेज घटना सामने आई है। सेक्टर-107 के पास सड़क किनारे खड़ी एक कार के अंदर प्रेमी-प्रेमिका के शव मिले, जिससे मौके पर हड़कंप मच गया। दोनों के शव कार की आगे की सीट पर खून से सने हुए मिले। राहगीरों ने पुलिस को घटना की सूचना दी, जिसके बाद बॉडी को कब्जे में लेकर जांच शुरू की गई।
जानिए पूरा मामला
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक शनिवार दोपहर 12 बजे के करीब सेक्टर-107 के पास सड़क किनारे एक कार काफी देर तक खड़ी रही। लोगों को यह देखकर संदेह हुआ। एक राहगीर ने जब अंदर झांक कर देखा तो युवक और युवती खून से लथपथ पड़े दिखे। उसने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी। तुरंत सेक्टर-39 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कार का दरवाजा खोला। लेकिन तब तक प्रेमी युगल की मौत हो चुकी थी।
लड़के का व्हाट्सअप चैट वायरल
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मृतक युवक की पहचान सुमित के रूप में हुई है जबकि लड़की का नाम रेखा बताया जा रहा है। लड़का दिल्ली के त्रिलोकपुरी इलाके का रहने वाला था जबकि लड़की नोएडा के सेक्टर-58 की बताई जा रही। शुरूआती जांच में सामने आया है कि दोनों 15 साल से एक दूसरे को जानते थे। उनके बीच गहरा प्रेम संबंध था। लड़के का एक व्हाट्सअप चैट भी वायरल हो रहा है, जिसमें वह मरने की बात कर रहा है। उसने कहा कि लड़की ने धोखा दिया, वह किसी और से शादी करने जा रही।
क्या बोली पुलिस
ACP प्रवीण कुमार ने कहा कि पहली नज़र में मामला प्रेम प्रसंग का लग रहा है। हो सकता है कि दोनों लोगों ने एक-दूसरे को गोली मारी हो और फिर सुसाइड कर लिया हो, हालांकि अभी तक कोई आखिरी नतीजा नहीं निकला है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या इस घटना में कोई और मकसद या कोई तीसरा शामिल था। मौके से एक पिस्टल और कुछ कारतूस भी मिला है।



