नई दिल्ली। सोने और चांदी की कीमतों में गुरुवार को बड़ी गिरावट दर्ज की गई। इंडियन बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन के अनुसार, चांदी की कीमत में करीब 5 प्रतिशत की गिरावट आई है, जबकि सोना भी अपने हालिया उच्च स्तर से फिसल गया है।
चांदी में 15 हजार रुपये की गिरावट
आईबीजेए के आंकड़ों के मुताबिक, चांदी गुरुवार सुबह ₹3,03,584 प्रति किलो पर खुली। एक दिन पहले यह ₹3,19,097 प्रति किलो पर बंद हुई थी। बुधवार को कारोबार के दौरान चांदी ने ₹3,20,075 प्रति किलो का ऑल टाइम हाई भी बनाया था। रिकॉर्ड तेजी के बाद आई भारी मुनाफावसूली से चांदी की कीमतों में तेज गिरावट देखने को मिली।
सोना भी फिसला
सोने की कीमतों में भी गिरावट दर्ज की गई। सोना ₹2,728 टूटकर ₹1,51,499 प्रति 10 ग्राम पर आ गया। इससे पहले सोने ने ₹1,55,204 प्रति 10 ग्राम का उच्च स्तर छुआ था और ₹1,54,277 पर बंद हुआ था। 22 कैरेट सोने का भाव भी घटकर ₹1,38,773 प्रति 10 ग्राम रह गया, जबकि एक दिन पहले यह ₹1,41,272 प्रति 10 ग्राम था।
क्यों सस्ते हुए सोना-चांदी
बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक, सोना और चांदी की कीमतों में गिरावट के पीछे तीन प्रमुख वजहें हैं-
मुनाफावसूली: पिछले कुछ दिनों में आई तेज बढ़त के बाद निवेशकों ने मुनाफा वसूला, जिससे कीमतों पर दबाव बना।
शेयर बाजार में तेजी: इक्विटी बाजारों में मजबूती के कारण सुरक्षित निवेश माने जाने वाले सोना-चांदी की मांग घटी।
जियोपॉलिटिकल तनाव में कमी: वैश्विक स्तर पर तनाव कम होने से सुरक्षित संपत्तियों की चमक फीकी पड़ी।



