‘दिल्ली मित्र’ पोर्टल बनेगा सरकार-जन संवाद का सेतु

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने की समीक्षा बैठक, बड़े प्रोजेक्ट्स पर सीधी निगरानी के निर्देश। अधिकारियों को चेतावनी कागजों पर नहीं, धरातल पर दिखने चाहिए परिणाम। गर्मी से पहले अलर्ट सरकार: पानी, बिजली और स्वास्थ्य सेवाओं पर अभी से तैयारी के आदेश। कहा ‘दिल्ली मित्र’ पोर्टल बनेगा सरकार-जन संवाद का सेतु

Share This Article:

नई दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार सभी विभागों के प्रमुख अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में विभागों के कामकाज, चल रही परियोजनाओं की प्रगति और आने वाले वित्तीय वर्ष की योजनाओं पर चर्चा की गई। बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि 5 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली सभी परियोजनाओं को एक सप्ताह के भीतर ‘सीएम-प्रगति’ पोर्टल (विभागीय मॉनिटरिंग के लिए आंतरिक पोर्टल) पर अपडेट करना अनिवार्य होगा। इससे परियोजनाओं की निगरानी, समयबद्ध समीक्षा और शीर्ष स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित होगी।

हर विभाग पोर्टल पर विकास कार्यों की प्रगति रिपोर्ट अपडेट करे

मुख्यमंत्री ने बैठक में कहा कि हर विभाग अपने-अपने पोर्टल पर विकास कार्यों की प्रगति रिपोर्ट लगातार अपडेट करे ताकि आम जनता को काम की सही स्थिति पता चल सके और शासन में पारदर्शिता बनी रहे। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार का संकल्प है कि हर परियोजना तय समय-सीमा में पूरी हो, प्रत्येक विभाग उत्तरदायी रहे और जनता को विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति की जानकारी नियमित रूप से उपलब्ध हो। मुख्यमंत्री ने सभी विभागों को लंबित परियोजनाओं को उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के भी निर्देश दिए।

‘दिल्ली मित्र’ पोर्टल जल्द किया जाएगा जारी

मुख्यमंत्री ने बताया कि जल्द ही ‘दिल्ली मित्र’ पोर्टल लॉन्च किया जाएगा। यह पोर्टल नागरिकों की शिकायतों के त्वरित और प्रभावी समाधान के लिए समर्पित डिजिटल मंच होगा। मुख्यमंत्री ने पोर्टल से संबंधित सभी तकनीकी और प्रशासनिक कामों को जल्द से जल्द पूरा करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की ट्रेनिंग, तकनीकी परीक्षण और विभागों को जोड़ने का काम तय समय में पूरा होना चाहिए ताकि इस पोर्टल को बिना किसी देरी के जनता के लिए शुरू किया जा सके। मुख्यमंत्री ने साफ किया कि यह पोर्टल सरकार और नागरिकों के बीच सीधे संवाद का जरिया बनेगा, जिससे शिकायतों को दूर करने की प्रक्रिया पहले से अधिक सरल, तेज और भरोसेमंद हो जाएगी।

गर्मियों के लिए अभी से तैयारियां पूरी कर लें

मुख्यमंत्री ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि वे आने वाली गर्मियों के लिए अभी से अपनी तैयारियां पूरी कर लें। पानी की सप्लाई, बिजली की व्यवस्था, अस्पतालों की सुविधाएं, सड़कों की मरम्मत और अन्य सार्वजनिक सेवाओं पर समय रहते काम शुरू कर दिया जाए। मुख्यमंत्री का जोर इस बात पर रहा कि गर्मियों के दौरान नागरिकों को किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े और सभी जरूरी सेवाएं सुचारू रूप से चलती रहें।

दिल्ली सरकार ‘परिणाम आधारित प्रशासन’ की दिशा में कार्य कर रही है

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार ‘परिणाम आधारित प्रशासन’ की दिशा में कार्य कर रही है, जहां योजनाएं केवल कागजों तक सीमित नहीं रहेंगी, बल्कि धरातल पर स्पष्ट परिणाम दिखाई देंगे। सरकार का लक्ष्य है कि सभी विकास कार्य समय पर पूरे हों, हर विभाग अपनी जिम्मेदारी सही तरीके से निभाए और जनता को योजनाओं की वास्तविक स्थिति की जानकारी मिलती रहे।

Tags :

Sanjay Rai

sanjayrai.dj@gmail.com

संजय राय ने बीते 25 साल के प्रोफेशनल कैरियर में स्वास्थ्य, अपराध, शिक्षा, विकास समेत सभी बीट की कवरेज की है। दिल्ली सरकार, विधानसभा की कार्यवाही, भाजपा, कांग्रेस, आप सरीखे राजनीतिक दलों के साथ सामाजिक-सांस्कृतिक व आंदोलनात्मक गतिविधियों को भी कवर किया है। कई सत्रों में संसद की कार्यवाही पर भी कलम चलाई है। फिलवक्त NewG India में बतौर सीनियर स्पेशल काॅरेस्पोंडेंट अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं।

https://x.com/DjSanjayrai

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

न्यूज़लेटर के लिए सब्सक्राइब करें

कैटेगरीज़

हम वह खबरची हैं, जो खबरों के साथ खबरों की भी खबर रखते हैं। हम NewG हैं, जहां खबर बिना शोरगुल के है। यहां news, without noise लिखी-कही जाती है। विचार हममें भरपूर है, लेकिन विचारधारा से कोई खास इत्तेफाक नहीं। बात हम वही करते हैं, जो सही है। जो सत्य से परामुख है, वह हमें स्वीकार नहीं। यही हमारा अनुशासन है, साधन और साध्य भी। अंगद पांव इसी पर जमा रखे हैं। डिगना एकदम भी गवारा नहीं। ब्रीफ में यही हमारा about us है।

©2025 NewG India. All rights reserved.