नई दिल्ली। बांग्लादेश ने भारत में होने वाले टी-20 विश्व कप में हिस्सा लेने से फिलहाल इनकार कर दिया है। गुरुवार को राष्ट्रीय टीम के खिलाड़ियों के साथ हुई बैठक के बाद बांग्लादेश सरकार के खेल सलाहकार आसिफ नजरुल ने स्पष्ट किया कि बांग्लादेश विश्व कप खेलना चाहता है, लेकिन भारत में खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं बनी हुई हैं।
आईसीसी से दोबारा बात करेगा बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम बुलबुल ने कहा कि बोर्ड इस मुद्दे पर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद से एक बार फिर बातचीत करेगा। उन्होंने कहा कि आईसीसी बोर्ड बैठक में कुछ फैसले चौंकाने वाले रहे हैं, लेकिन बांग्लादेश अपनी चिंताओं को लेकर संवाद की प्रक्रिया जारी रखेगा और बातचीत बंद नहीं करेगा।
वेन्यू बदलने की मांग खारिज
एक दिन पहले 21 जनवरी को आईसीसी ने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड को भारत में टी-20 विश्व कप खेलने को लेकर अंतिम निर्णय के लिए एक दिन की मोहलत दी थी। आईसीसी की बोर्ड बैठक में बांग्लादेश की वेन्यू बदलने की मांग को खारिज कर दिया गया था। सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए बांग्लादेश ने अपने मैच भारत के बजाय श्रीलंका में कराने का प्रस्ताव रखा था, जिसे स्वीकार नहीं किया गया।
स्कॉटलैंड को मिल सकता है मौका
बांग्लादेश के टूर्नामेंट से हटने की स्थिति में स्कॉटलैंड को टी-20 विश्व कप में शामिल किए जाने की संभावना जताई जा रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, रैंकिंग के आधार पर स्कॉटलैंड को मौका दिया जा सकता है, जैसा कि वर्ष 2009 में जिम्बाब्वे के हटने के बाद हुआ था। स्कॉटलैंड क्रिकेट टीम को लेकर आईसीसी स्तर पर मंथन शुरू होने की अटकलें भी तेज हो गई हैं।



