मुंबई: पिछले कुछ महीनों से बॉलीवुड के ‘चीची’ यानी गोविंदा और उनकी पत्नी सुनीता आहूजा के रिश्तों में खटास की खबरें सुर्खियां बटोर रही थी। हालांकि सुनीता ने पहले इन खबरों को खारिज किया था, लेकिन हाल ही में उन्होंने एक इंटरव्यू में कहा था कि अगर गोविंदा के अफेयर की बात सच निकली तो वह उन्हें कभी माफ नहीं करेंगी। अब इन तमाम विवादों पर खुद गोविंदा ने अपनी चुप्पी तोड़ी है।

मेरी चुप्पी को कमजोरी न समझें
समाचार एजेंसी ANI से बात करते हुए गोविंदा ने कहा, “मैंने गौर किया है कि जब हम नहीं बोलते हैं, तो या तो हम कमजोर लगते हैं या ऐसा लगता है कि समस्या हमारी तरफ से ही है। इसलिए आज मैं जवाब दे रहा हूं। मुझे बताया गया है कि मेरे परिवार के लोग अनजाने में इसमें शामिल हो सकते हैं और उन्हें यह अहसास भी नहीं होगा कि एक बड़ी साजिश के शुरुआती चरणों में उनका इस्तेमाल किया जा रहा है।”
पत्नी सुनीता को दी गई ‘ओपनिंग बैट्समैन’ की भूमिका
गोविंदा ने अपनी पत्नी सुनीता आहूजा का जिक्र करते हुए कहा कि वह अक्सर घर चलाने और काम को लेकर चिंतित रहती हैं। उन्होंने कहा, “सुनीता कभी कल्पना भी नहीं कर सकती कि उन्हें अनजाने में एक बड़ी साजिश में डाल दिया गया है, जहाँ उन्हें ‘ओपनिंग बैट्समैन’ के रूप में मैदान में उतार दिया गया है।”
अभिनेता ने आगे कहा कि जब कोई बहुत लोकप्रिय हो जाता है, तो समाज में उसकी छवि खराब करने के प्रयास शुरू हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि फिल्म इंडस्ट्री में जब आपकी लोकप्रियता एक खास मुकाम पार कर जाती है, तो कई लोग आपको बर्बाद करने के लिए आगे आ जाते हैं।
कृष्णा अभिषेक और उनके शो पर निशाना
पारिवारिक झगड़े के बारे में बात करते हुए गोविंदा ने अपने भांजे कृष्णा अभिषेक के शो का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, “कृष्णा के शो में भी लेखक उनसे ऐसे डायलॉग बुलवाते थे जिससे मेरा अपमान हो। मैंने कृष्णा से भी कहा था कि मेरा अपमान करने के लिए तुम्हारा इस्तेमाल किया जा रहा है, इसलिए तुम्हें मेरी प्रतिष्ठा का ख्याल रखना चाहिए। इस बात पर सुनीता भी काफी नाराज होती थीं।”
गोविंदा ने अंत में भावुक होते हुए कहा कि वह भगवान से प्रार्थना करते हैं कि उनके बच्चों का कल्याण हो और परिवार में कोई गलतफहमी न रहे। उन्होंने अपने परिवार से भी सतर्क रहने की अपील की।



