नई दिल्ली। वाइब्रेंट गुजरात रीजनल कॉन्फ्रेंस के दौरान मुकेश अंबानी ने गुजरात में बड़े निवेश की घोषणा की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा राजकोट में ट्रेड एग्ज़िबिशन के उद्घाटन अवसर पर उन्होंने कहा कि रिलायंस इंडस्ट्रीज़ ने राज्य में पिछले पाँच वर्षों में ₹3.5 लाख करोड़ का निवेश किया है, जिसे अगले पाँच वर्षों में बढ़ाकर ₹7 लाख करोड़ किया जाएगा।
रिलायंस गुजरात का सबसे बड़ा निवेशक
मुकेश अंबानी ने कहा कि रिलायंस पहले ही गुजरात का सबसे बड़ा निवेशक है और यह नया निवेश राज्य में बड़े पैमाने पर रोज़गार, आजीविका और समृद्धि के नए अवसर पैदा करेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत आज आत्मविश्वास के साथ वैश्विक मंच पर आगे बढ़ रहा है।

जामनगर बनेगा ग्रीन एनर्जी का अंतरराष्ट्रीय हब
अंबानी ने बताया कि जामनगर में दुनिया का सबसे बड़ा इंटीग्रेटेड क्लीन एनर्जी इकोसिस्टम विकसित किया जा रहा है। इसमें सोलर एनर्जी, एनर्जी स्टोरेज, ग्रीन हाइड्रोजन, ग्रीन फर्टिलाइज़र, सस्टेनेबल एविएशन और मैरीटाइम फ्यूल शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि जामनगर, जो कभी भारत का बड़ा हाइड्रोकार्बन निर्यातक था, अब ग्रीन एनर्जी और ग्रीन मटीरियल्स का प्रमुख निर्यात केंद्र बनेगा।
देश का सबसे बड़ा एआई-रेडी डेटा सेंटर
मुकेश अंबानी ने कहा कि जामनगर में भारत का सबसे बड़ा एआई-रेडी डेटा सेंटर भी स्थापित किया जाएगा। जियो के माध्यम से “हर भारतीय के लिए किफायती एआई” का लक्ष्य रखा गया है, ताकि लोग अपनी भाषा और अपने डिवाइस पर एआई सेवाओं का लाभ उठा सकें।

कच्छ में मल्टी-गीगावॉट सोलर प्रोजेक्ट
उन्होंने कच्छ को वैश्विक क्लीन एनर्जी हब बनाने की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि यहां मल्टी-गीगावॉट सोलर प्रोजेक्ट विकसित किया जा रहा है। यह आधुनिक ग्रिड और उन्नत स्टोरेज सिस्टम के ज़रिये चौबीसों घंटे स्वच्छ बिजली उपलब्ध कराएगा।

खेल, शिक्षा और स्वास्थ्य में भी निवेश
मुकेश अंबानी ने कहा कि प्रधानमंत्री के 2036 ओलंपिक को भारत लाने के विजन को साकार करने के लिए रिलायंस फाउंडेशन भागीदारी करेगा। इसके तहत गुजरात सरकार के सहयोग से अहमदाबाद के नारणपुरा स्थित वीर सावरकर मल्टी-स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का संचालन किया जाएगा। इसके अलावा जामनगर में विश्वस्तरीय अस्पताल और स्कूल के विस्तार की भी घोषणा की गई।



