नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और दो बार के विधायक रह चुके राजेश गुप्ता भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, विधायक राजकुमार भाटिया और मीडिया प्रमुख प्रवीण शंकर कपूर की मौजूदगी में उन्हें भाजपा की सदस्यता दिलाई गई। इस दौरान राजेश गुप्ता भाजपा में शामिल होते हुए भावुक हो गए और अरविंद केजरीवाल द्वारा किए गए व्यवहार का जिक्र करते हुए रो पड़े।
वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि राजेश गुप्ता ने एक जागरूक और सक्रिय विधायक के रूप में अपनी अलग पहचान बनाई थी, लेकिन आम आदमी पार्टी ने उनके योगदान का कभी सम्मान नहीं किया। उन्होंने कहा कि AAP की 12 वर्षों की कमियों और अव्यवस्थाओं का बोझ आज भाजपा सरकार को उठाना पड़ रहा है, जबकि अरविंद केजरीवाल और उनके शीर्ष नेता दिल्ली से पूरी तरह गायब हैं। सचदेवा ने आरोप लगाया कि जिस तरह औरंगजेब दिल्ली को लूटकर भागा था, उसी तरह केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और AAP के बड़े नेता दिल्ली को लूटकर पंजाब में डेरा जमाए हुए हैं।
भाजपा में शामिल होते ही राजेश गुप्ता ने कहा कि AAP की स्थापना के दौरान वे और कई वरिष्ठ लोग उम्मीदों के साथ जुड़े थे, लेकिन अरविंद केजरीवाल ने सभी को एक-एक कर धोखा दिया। उन्होंने बताया कि पार्टी ने उन्हें लगातार नजरअंदाज किया और अशोक विहार में ऐसे व्यक्ति को टिकट दिया गया जिसे AAP ने खुद ही नोटिस भेजा था। राजेश गुप्ता ने कहा कि AAP अब “यूज एंड थ्रो” की नीति पर चल रही है और यही उसके पतन का असली कारण है।
यह भी पढ़ेंः अंतरराष्ट्रीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल ने किया दिल्ली विधानसभा का दौरा
उन्होंने कहा कि AAP ने तीन ‘सी’ करप्शन, क्रिमिनल और करप्ट प्रैक्टिसेज की बात करने के बाद भी ऐसे लोगों को पार्टी में शामिल रखा है। उन्होंने कहा कि जिस मंत्री को गंभीर आरोपों के कारण हटाया गया था, उसे फिर से पार्टी में शामिल कर लिया गया, जिससे साफ है कि पार्टी अपने सिद्धांतों से भटक चुकी है।



