नई दिल्ली: दिल्ली विश्वविद्यालय में पहली बार साहित्य महोत्सव को लेकर तैयारियां आरंभ हो चुकी हैं। इस कार्यक्रम के सफल एवं सुगम संचालन के लिए पहले से गठित कोर कमेटी के अतिरिक्त 19 उप कमेटियों का गठन किया जा चुका है। इन कमेटियों के चेयरपर्सन और कन्वीनर की एक बैठक का आयोजन डीयू कल्चर काउंसिल के चेयरपर्सन और दिल्ली यूनिवर्सिटी लिटरेचर फेस्टिवल कोर कमेटी के वाइस-चेयरपर्सन एवं कन्वीनर अनूप लाठर की अध्यक्षता में हुई। बैठक में सभी कमेटियों के रोल, जिम्मेदारियों और टाइमलाइन के साथ-साथ ऑपरेशनल रोडमैप पर भी चर्चा की गई। दिल्ली विश्वविद्यालय लिटरेचर फेस्टिवल का आयोजन 12 से 14 फरवरी 2026 तक किया जाएगा।
आयोजन डीयू, एनबीटी व अन्य साहित्यिक संस्थाओं के सहयोग से किया जाएगा
अनूप लाठर ने बताया कि यह दिल्ली विश्वविद्यालय का पहला लिटरेचर फेस्टिवल है जो अपने आप में अनूठा होगा। सभी सदस्यों से अलग अलग विचार लिए। सभी संबंधित कमेटियों के चेयरपर्सन/कन्वीनर से आग्रह किया गया कि वह शीघ्र ही अपनी अपनी कमेटियों की बैठकें करके अपने कार्यों की रूपरेखा तैयार करें। उसके बाद कुलपति प्रो. योगेश सिंह की अध्यक्षता में एक बैठक का आयोजन किया जाएगा। प्रो. योगेश सिंह के निर्देशानुसार इस साहित्य महोत्सव का केंद्र बिन्दु राष्ट्र प्रेम होगा। इस महोत्सव का आयोजन दिल्ली विश्वविद्यालय और राष्ट्रीय पुस्तक न्यास (एनबीटी) व अन्य साहित्यिक संस्थाओं के सहयोग से किया जाएगा।
इसको भी पढ़ें: DU वाइस चांसलर: संस्थान के विकास में सभी का योगदान जरुरी
मीडिया व अन्य साहित्यिक क्षेत्रों से जुड़ी जानी मानी हस्तियां शामिल होंगी
अनूप लाठर ने बताया कि इस साहित्य महोत्सव में साहित्य जगत के साथ मीडिया व अन्य साहित्यिक क्षेत्रों से जुड़ी जानी मानी हस्तियाँ शामिल होंगी। उन्होंने बताया कि इस आयोजन में देश भर के नामी लेखक, मीडिया जगत के लोग और जाने-माने सोशल मीडिया इंफ्ल्युएंसर हिस्सा लेंगे।इस दौरान पुस्तक विमोचन और पुस्तक चर्चाओं का भी आयोजन किया जाएगा। सभी सदस्यों से सक्रिय सहयोग का आह्वान करते हुए कहा कि जब तक प्रत्येक सदस्य की सक्रिय भागीदारी न हो तो कोई भी आयोजन सफल नहीं हो पाता।



