नई दिल्ली: भारत और दक्षिण अफ्रीका (India vs South Africa) के बीच कोलकाता के ईडन गार्डन्स (Eden Gardens Test) में खेले गए पहले टेस्ट मैच में दक्षिण अफ्रीका ने भारत को 30 रनों से हराकर सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। 124 रनों के आसान दिखने वाले लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम 93 रन पर सिमट गई। बल्लेबाजी की यह नाकामी टीम प्रबंधन के लिए सबसे बड़ा सिरदर्द बनी हुई है। अब निगाहें दूसरे टेस्ट पर टिक गई हैं, जिसके लिए भारतीय टीम की संभावित प्लेइंग इलेवन (Team India Playing XI) लगभग तय मानी जा रही है।
22 नवंबर से गुवाहाटी में दूसरा टेस्ट, टीम में बदलाव तय
दूसरा टेस्ट मैच 22 नवंबर से गुवाहाटी (Guwahati Test) के बरसापाड़ा क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। पहले मुकाबले में मिली हार ने भारतीय टीम को बदलाव के लिए मजबूर कर दिया है। शीर्ष क्रम से लेकर मध्य क्रम तक अधिकांश बल्लेबाज फ्लॉप रहे। नंबर तीन पर भेजे गए वॉशिंगटन सुंदर से भी उम्मीद के अनुरूप योगदान नहीं मिला। मजबूती से वापसी कर सके।
शुभमन गिल की चोट चिंता का विषय, पडिक्कल को मिल सकता है मौका
पहले टेस्ट के दौरान गर्दन में दर्द की वजह से शुभमन गिल मैच से बाहर हो गए थे। अभी उनकी फिटनेस को लेकर स्पष्टता नहीं है और उनके दूसरे टेस्ट में खेलने की संभावना काफी कम दिखाई दे रही है। ऐसे में बाएं हाथ के स्टाइलिश बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल (Devdutt Padikkal) को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया जा सकता है। पडिक्कल को लंबे समय से रेड-बॉल फॉर्मेट में अवसर मिलने की चर्चा चल रही थी, और गिल की अनुपस्थिति उन्हें वह मौका दिला सकती है।
ये हो सकता है भारत का संभावित बल्लेबाजी क्रम
टीम इंडिया दूसरे टेस्ट में ओपनिंग की जिम्मेदारी केएल राहुल और यशस्वी जायसवाल को सौंप सकती है। दोनों बल्लेबाजों ने पहले टेस्ट में शुरुआत तो की, लेकिन लंबी पारी नहीं खेल सके। तीसरे नंबर पर वाशिंगटन सुंदर को एक और मौका मिलने की संभावना है, क्योंकि टीम मैनेजमेंट उन्हें बैटिंग ऑलराउंडर के रूप में देख रहा है। वहीं, चौथे नंबर पर साई सुदर्शन की एंट्री भी लगभग तय मानी जा रही है। पहले टेस्ट में भारत को एक शुद्ध स्पेशलिस्ट बल्लेबाज की कमी खली थी। पांचवें नंबर पर पडिक्कल बल्लेबाजी कर सकते हैं, जबकि विकेटकीपर के रूप में ऋषभ पंत और ध्रुव जुरेल क्रमशः नंबर पांच और छह पर उतर सकते हैं। गिल की अनुपस्थिति में पंत को कप्तानी की जिम्मेदारी मिलने की भी संभावना है।
स्पिन और गेंदबाजी संयोजन रहेगा मजबूत
ऑलराउंडर विभाग में रविंद्र जडेजा और अक्षर पटेल टीम की रीढ़ बनेंगे। दोनों को प्लेइंग इलेवन में जगह मिलने लगभग तय है। स्पिन विभाग में कुलदीप यादव को भी एक और मैच में मौका मिल सकता है, क्योंकि उन्होंने पहले टेस्ट में नियंत्रित गेंदबाजी की थी। तेज गेंदबाजी की अगुवाई एक बार फिर जसप्रीत बुमराह करेंगे, जो भारत के सबसे भरोसेमंद पेसर बने हुए हैं।
दूसरे टेस्ट के लिए भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन
यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, वाशिंगटन सुंदर, साई सुदर्शन, देवदत्त पडिक्कल, ऋषभ पंत (कप्तान), ध्रुव जुरेल, रविंद्र जडेजा, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह।



