नालंदा: बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के दौरान कोलंबिया का प्रतिनिधि मंडल भारत की चुनाव प्रक्रिया को नजदीक से देखने के लिए पहुंचे हैं। डीएम कुंदन कुमार ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग की टीम के साथ कोलंबिया के जज एल्टस एलेजेंड्रो और नेशनल इलेक्टोरल काउंसिल के सलाहकार जोएन कामिलो ने नालंदा का दौरा किया। डीएम ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल ने एक मॉडल बूथ का दौरा कर पूरी चुनाव प्रक्रिया को देखा और समझा। उन्हें पोलिंग पार्टी के काम करने के तरीके, मतदाताओं के लिए बने वेटिंग एरिया, बच्चों के साथ आने वाली महिलाओं के लिए क्रेच (शिशु गृह) की सुविधा और दिव्यांग (पीडब्ल्यूडी) वोटरों के लिए व्हीलचेयर की व्यवस्था को देखा। इसके अलावा पीने के पानी और अन्य जरूरी मूलभत सुविधाओं के प्रबंध की भी जानकारी दी गई। डीएम कुंदन कुमार ने कहा कि यह जिले के लिए काफी खुशी की बात है। उन्होंने मीडिया के माध्यम से जिले के सभी मतदाताओं से एक बार फिर अपील की कि वे अपने-अपने बूथ पर पहुंचकर ज्यादा से ज्यादा संख्या में मतदान करे।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा, भारत की चुनाव प्रक्रिया दुनिया के लिए एक मॉडल है। जहां करोड़ों मतदाताओं, लाखों मतदान केंद्रों और हजारों अधिकारियों के समन्वय से जो प्रक्रिया चलती है, वह किसी चमत्कार से कम नहीं। आयोग की शिश है कि इस अनुभव को अधिक से अधिक देशों के साथ साझा करें।
निर्वाचन आयुक्त डॉ. विवेक जोशी ने कहा कि चुनाव केवल वोटिंग नहीं, बल्कि जनभागीदारी और विश्वास की पुनर्पुष्टि है। भारत के अनुभवों ने एशिया, अफ्रीका और लैटिन अमेरिका के कई देशों को अपनी चुनावी व्यवस्थाएं सुधारने में मदद की है।



