नई दिल्ली: बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण की वोटिंग के लिए प्रचार के आखिरी दिन अमित शाह दरभंगा के जाले पहुंचे। उन्होंने जनता से अपील की कि चुनाव प्रचार का आज आखिरी दिन है। 6 तारीख को कमल छाप पर बटन दबाना है। ये बटन विधायक को जिताने के लिए नहीं बल्कि जंगलराज को रोकने के लिए है।
पाकिस्तानियों को सिखाएंगे सबक
अमित शाह ने पहलगाम हमले का जिक्र करते हुए कहा कि मोदी जी ने बिहार में कहा था कि जवाब दिया जाएगा। 20 दिनों के अंदर हमने पाकिस्तान में घुसकर ऑपरेशन सिंदूर को अंजाम दिया। अगर पाकिस्तान ने फिर से दुस्साहस किया तो हम गोलियों का जवाब तोप के गोलों से देंगे। ये गोले बिहार के डिफेंस कॉरिडोर में बनेंगे। हम बिहार की फैक्ट्री में बने तोप के गोलों से पाकिस्तानियों को सबक सिखाएँगे।
पीएम की मां का अपमान
शाह ने कहा, “कुछ दिन पहले राहुल गांधी यहां आए थे। यह दौरा घुसपैठियों को बचाने के लिए था। वे जितनी चाहें कोशिश कर लें, लेकिन हम हर एक घुसपैठिए को बाहर निकाल देंगे। राहुल गांधी के दरभंगा दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी और उनकी माँ के लिए अपशब्दों का इस्तेमाल किया गया। जब भी ये लोग प्रधानमंत्री मोदी को गाली देते हैं, कमल ज़्यादा खिलता है।
मिथिला हाट में भोजन
अमित शाह कल सीतामढ़ी पहुंचे थे। चुनावी रैली के बाद मिथिला हाट में रात्रि भोज का आयोजन किया गया। अमित शाह ने नेताओं के साथ पारंपरिक पीतल की थाली में बिहारी व्यंजनों का लुत्फ़ उठाया। उनकी थाली में दाल-बाटी-चोखा, मालपुआ, ठेकुआ, दही भल्ला और माखन भोग जैसे व्यंजन परोसे गए थे।
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री @AmitShah जी ने बिहार के मधुबनी में NDA के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं के साथ स्थानीय भोजन किया। pic.twitter.com/BZtc8yxeoJ
— BJP Bihar (@BJP4Bihar) November 4, 2025
10 हजार रुपये पर बात
अमित शाह ने कहा कि अभी हाल ही में मोदी और नीतीश कुमार ने 1.41 करोड़ जीविका दीदियों के बैंक खातों में 10-10 हज़ार रुपये जमा किए। लालू प्रसाद यादव की पार्टी मांग कर रही है कि ये 10-10 हज़ार रुपये जीविका दीदियों से वापस लिए जाएं। आज मैं बिहार की सभी जीविका दीदियों से कह रहा हूं कि लालू प्रसाद यादव और उनके बेटे को तो छोड़िए, उनके परिवार की तीन पीढ़ियाँ भी आ जाएँ, तो भी वे जीविका दीदियों से 10-10 हज़ार रुपये वापस नहीं ले सकते।



