ट्रंप के जापान दौरे में दिखी दोस्ती, ताकाइची ने दिया खास तोहफा

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के जापान दौरे में उन्होंने प्रधानमंत्री सानाई ताकाइची की जमकर तारीफ की। दोनों देशों ने व्यापार और रक्षा से जुड़े दो अहम समझौते भी किए।

Share This Article:

नई दिल्ली: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump Japan Visit) अपने जापान दौरे पर पहुंचे, जहां उन्होंने जापान की पहली महिला प्रधानमंत्री सानाई ताकाइची (Sanae Takaichi) की जमकर तारीफ की। दोनों नेताओं की मुलाकात को काफी अहम माना जा रहा है। ताकाइची से हाथ मिलाते हुए ट्रंप ने कहा, “ये मजबूत महिला के हाथ हैं।” उन्होंने देश की पहली महिला पीएम बनने पर ताकाइची को बधाई दी और हर संभव सहयोग देने का भरोसा जताया।

ट्रंप ने कहा कि वह ताकाइची को दिवंगत पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे के समय से जानते हैं और उन्हें विश्वास है कि ताकाइची देश को नई ऊंचाइयों तक लेकर जाएंगी। इसके बाद योकोसुका नौसैनिक अड्डे पर अमेरिकी विमानवाहक पोत जार्ज वॉशिंगटन पर मौजूद छह हजार सैनिकों के बीच ट्रंप ने ताकाइची को “विजेता महिला” करार दिया।

ट्रंप और ताकाइची की बढ़ती दोस्ती

ट्रंप ने कहा कि ताकाइची के साथ उनकी मित्रता अब काफी गहरी हो चुकी है। वहीं ताकाइची ने ट्रंप की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने दुनिया में शांति बहाली के लिए जो पहलें की हैं, वे ऐतिहासिक हैं। उन्होंने वादा किया कि वह ट्रंप को नोबेल शांति पुरस्कार के लिए नामित करेंगी। ताकाइची ने पश्चिम एशिया में शांति बहाली और थाईलैंड-कंबोडिया के बीच शांति स्थापित करने की ट्रंप की कोशिशों को सराहा।

ताकाइची ने ट्रंप को कई तोहफे भी दिए, जिनमें शिंजो आबे की कांच में बंद गोल्फ स्टिक, जापानी गोल्फर हिदेकी मात्सुयामा द्वारा हस्ताक्षरित गोल्फ बैग और सोने की पत्ती वाली गोल्फ बॉल शामिल हैं। इसके साथ उन्होंने एक नक्शा भी भेंट किया जिसमें 2019 के बाद से अमेरिका में जापानी कंपनियों के निवेश को दर्शाया गया था।

अमेरिका को उपहार में मिलेंगे 250 चेरी के पेड़

ताकाइची ने घोषणा की कि अगले साल अमेरिका की आजादी के 250 वर्ष पूरे होने पर वह अमेरिका को 250 चेरी के पेड़ उपहार में देंगी। इस दौरान दोनों देशों के बीच दो अहम समझौते हुए। एक व्यापार से जुड़ा और दूसरा रेयर अर्थ खनिजों की आपूर्ति से संबंधित।

जापान की प्रधानमंत्री ने कहा कि इन समझौतों से दोनों देशों के संबंधों में नए युग की शुरुआत होगी। समझौते के तहत जापान अमेरिका में 550 अरब डॉलर का निवेश करेगा, जिसके बदले अमेरिका जापानी आयात पर सिर्फ 15 प्रतिशत टैरिफ शुल्क लगाएगा। ट्रंप ने जानकारी दी कि टोयोटा कंपनी अमेरिका में 10 अरब डॉलर का निवेश करेगी।

ताकाइची के लिए दौरा साबित होगा राजनीतिक तौर पर अहम

ट्रंप का यह दौरा ताकाइची के लिए काफी मायने रखता है, क्योंकि वह सरकार में अपनी स्थिति मजबूत करने की कोशिशों में हैं। उन्हें जनता का अच्छा समर्थन मिल रहा है, लेकिन उनकी गठबंधन सरकार संसद के निचले सदन में दो वोटों से बहुमत से पीछे है। ऐसे में ट्रंप का समर्थन उनके लिए बड़ा राजनीतिक सहारा बन सकता है।

रक्षा सहयोग और उत्तर कोरिया मसला

ट्रंप ने जापान द्वारा रक्षा निर्माण में तेजी लाने के कदम का स्वागत किया और चीन के बढ़ते प्रभाव के बीच सुरक्षा पर अधिक खर्च करने की सलाह दी। इसके जवाब में ताकाइची ने रक्षा खर्च को जीडीपी के दो प्रतिशत तक बढ़ाने की बात कही। ट्रंप ने अमेरिका से अधिक रक्षा उपकरण खरीदने के जापान के निर्णय की भी सराहना की।

इसके अलावा ट्रंप ने उत्तर कोरिया द्वारा अगवा किए गए जापानी नागरिकों के परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि वह इस मुद्दे पर किम जोंग उन से सीधे बातचीत करने के इच्छुक हैं ताकि पीड़ित परिवारों को न्याय मिल सके।

Usha Mehta

ushamehta0013@gmail.com

NewG India का सबसे युवा चेहरा, दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता में स्नातक की डिग्री हासिल की। ग्रेजुएशन के बाद IGNOU और ABP न्यूज़ नेटवर्क जैसे संस्थानों में इंटर्नशिप की। सोशल और कॉमर्स विषयों की गहरी समझ हैं कलम के साथ आवाज में भी धार हैं। NewG India में बतौर कंटेंट डेवलपर व एंकर अपनी जिम्मेदारी उषा मेहता बखूबी निभा रही हैं ।

https://newgindia.com/author/usha/

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

न्यूज़लेटर के लिए सब्सक्राइब करें

कैटेगरीज़

हम वह खबरची हैं, जो खबरों के साथ खबरों की भी खबर रखते हैं। हम NewG हैं, जहां खबर बिना शोरगुल के है। यहां news, without noise लिखी-कही जाती है। विचार हममें भरपूर है, लेकिन विचारधारा से कोई खास इत्तेफाक नहीं। बात हम वही करते हैं, जो सही है। जो सत्य से परामुख है, वह हमें स्वीकार नहीं। यही हमारा अनुशासन है, साधन और साध्य भी। अंगद पांव इसी पर जमा रखे हैं। डिगना एकदम भी गवारा नहीं। ब्रीफ में यही हमारा about us है।

©2025 NewG India. All rights reserved.