बिहार में युवाओं का भविष्य नहीं, नीतीश सरकार का रिमोट भाजपा के पास

राहुल गांधी ने बिहार के मुजफ्फरपुर में तेजस्वी यादव के साथ जनसभा की । अपने भाषण में उन्होंने पीएम मोदी, सीएम नीतीश और भाजपा पर जमकर बरसे।

Share This Article:

मुजफ्फरपुर: बिहार चुनाव का राजनीतिक पारा अब हाई हो गया है। भाजपा, कांग्रेस के  बड़े-बड़े नेता बुधवार को चुनाव प्रचार को धार देने पहुंचे। इसमें केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी का नाम शामिल है। सभी पार्टियों के नेता अपने-अपने प्रत्याशियों के लिए लगातार जनसभा कर रहे हैं। वहीं प्रत्याशी भी लोगों के घर जाकर वोट देने की अपील कर रहे हैं। दूसरी तरफ राजनीतिक बयानबाजी का सिलसिला शुरू हो गया है। दो महीने बाद बिहार के मुजफ्फरपुर पहुंचे राहुल गांधी ने आते ही एक जनसभा में तीखे तेवर दिखाए। राहुल ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और भाजपा पर जमकर निशाना साधा।  

महागठबंधन बिहार को नए रास्ते पर ले जाएगा

राहुल गांधी ने दावा किया कि महागठबंधन बिहार को एक नई दिशा देगा और राज्य के पुनर्निर्माण का काम करेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह लड़ाई सिर्फ सत्ता की नहीं, बल्कि बिहार के सम्मान की है। महागठबंधन एक ऐसा बिहार बनाना चाहता है जहाँ बाहर के लोग काम करने आएं, न कि बिहारी रोजगार के लिए बाहर जाएं। उन्होंने पाँच साल के अंदर देश की सबसे अच्छी यूनिवर्सिटी बिहार में बनाने का संकल्प लिया।

नीतीश का रिमोट बीजेपी के पास

तेजस्वी यादव की मौजूदगी में राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तंज कसते हुए गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा सीएम नीतीश का रिमोट बीजेपी के हाथ में है। राहुल ने दावा किया कि बिहार को केवल तीन-चार लोग कंट्रोल करते हैं, जिन्हें न तो बिहार के सामाजिक न्याय से मतलब है और न ही युवाओं के भविष्य से। राहुल गांधी ने कहा कि वोट चोरी के खिलाफ महागठबंधन की यात्रा बिहार के हर ज़िले तक जाएगी और जनता का जोश यह स्पष्ट बताता है कि अब राज्य में बदलाव तय है

बिहारियों का भविष्य सुरक्षित नहीं

राहुल गांधी ने कहा कि बिहार के लोगों ने देश के दूसरे प्रदेशों को बनाने में योगदान दिया, वहाँ शहर बनाए, उद्योग चलाए, लेकिन खुद बिहार पिछड़ा रह गया। उन्होंने जोर देकर कहा कि बिहार के लोगों ने हर प्रदेश की मदद की, लेकिन बिहार में ही बिहारियों का कोई भविष्य नहीं है। यही है बिहार की सच्चाई। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार के युवाओं को अपने ही प्रदेश में रोजगार नहीं मिल रहा है, जिसके कारण उन्हें पलायन करना पड़ता है।

20 साल के शासन पर सवाल

कांग्रेस सांसद ने नीतीश कुमार की लगभग 20 साल पुरानी सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि इतने लंबे समय में बिहार में शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में कुछ नहीं हुआ। उन्होंने जनता से पूछा क्या आप ऐसा प्रदेश चाहते हैं जहाँ अदाणी को दो रुपये में जमीन मिले और आम लोगों को कुछ न मिले? उन्होंने कहा कि बिहार को ऐसा शासन चाहिए जो उद्योग लगाए, युवाओं को रोजगार दे और राज्य को आत्मनिर्भर बनाए।

बिहार में भी वोट चोरी का प्रयास होगा

राहुल गांधी ने यहां एक बार फिर वोट चोरी का मुद्दा उठाया और कहा कि इन्होंने महाराष्ट्र और हरियाणा में चुनाव चोरी किया. ये बिहार में भी पूरी कोशिश करेंगे. ये लगे हुए हैं. SIR का ये ही मतलब है. आपको इसे रोकना है. महागठबंधन के लोगों को बाहर निकलना होगा. हम ऐसी सरकार बनाएंगे जिसमें सब हों. किसी के साथ भेदभाव नहीं होगा.

बिहार के युवा किसी से पीछे नहीं

राहुल गांधी ने कहा कि आपके प्रयासों से भारत और विदेशों में शहरों का विकास हुआ है। आप बिहार में ऐसा क्यों नहीं कर सकते। हम ऐसा बिहार बनाना चाहते हैं जहां दूसरे राज्यों के लोग काम करने आएं। छात्र पढ़ाई में अपनी पूरी ताकत झोंक देते हैं, लेकिन यह पेपर लीक के कारण उनकी मेहतन बेकार हो जाती है जिससे कुछ लोगों को फायदा होता है। बिहार के लोग किसी भी मामले में किसी से कम नहीं हैं। यह प्रदेश सबसे आगे जा सकता है और जाएगा।

मेड इन चाइना नहीं, मेड इन बिहार हो

कांग्रेस सांसद ने लोगों से पूछा कि आपके फोन के पीछे क्या लिखा है? मेड इन चाइना। पीएम ने नोटबंदी और जीएसटी लागू करके सारे छोटे-मोटे कारोबार बर्बाद कर दिए हैं। जहां देखो वहां मेड इन चाइना लिखा है। हमारा कहना है कि मेड इन चाइना नहीं, मेड इन बिहार होना चाहिए। मोबाइल, शर्ट, पैंट, ये सब बिहार में बनें और बिहार के युवाओं को उन फैक्ट्रियों में रोजगार मिले। हमें ऐसा ही बिहार चाहिए।

Sanjay Rai

sanjayrai.dj@gmail.com

संजय राय ने बीते 25 साल के प्रोफेशनल कैरियर में स्वास्थ्य, अपराध, शिक्षा, विकास समेत सभी बीट की कवरेज की है। दिल्ली सरकार, विधानसभा की कार्यवाही, भाजपा, कांग्रेस, आप सरीखे राजनीतिक दलों के साथ सामाजिक-सांस्कृतिक व आंदोलनात्मक गतिविधियों को भी कवर किया है। कई सत्रों में संसद की कार्यवाही पर भी कलम चलाई है। फिलवक्त NewG India में बतौर सीनियर स्पेशल काॅरेस्पोंडेंट अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं।

https://x.com/DjSanjayrai

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

न्यूज़लेटर के लिए सब्सक्राइब करें

कैटेगरीज़

हम वह खबरची हैं, जो खबरों के साथ खबरों की भी खबर रखते हैं। हम NewG हैं, जहां खबर बिना शोरगुल के है। यहां news, without noise लिखी-कही जाती है। विचार हममें भरपूर है, लेकिन विचारधारा से कोई खास इत्तेफाक नहीं। बात हम वही करते हैं, जो सही है। जो सत्य से परामुख है, वह हमें स्वीकार नहीं। यही हमारा अनुशासन है, साधन और साध्य भी। अंगद पांव इसी पर जमा रखे हैं। डिगना एकदम भी गवारा नहीं। ब्रीफ में यही हमारा about us है।

©2025 NewG India. All rights reserved.