पटना: बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेतृत्व वाले महागठबंधन ने बुधवार को अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया है, जिसे ‘बिहार का तेजस्वी प्रण‘ नाम दिया गया है। घोषणा पत्र जारी करने के मौके पर महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव समेत गठबंधन के सभी वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
आज बिहार विधानसभा चुनाव के लिए महागठबंधन का मेनिफेस्टो लॉन्च किया गया।
— Congress (@INCIndia) October 28, 2025
इस मौके पर महागठबंधन के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
बिहार को BJP-JDU के कुशासनराज से निकालकर, हर बिहारवासी को सम्मान, सुरक्षा, सुविधा और उचित अवसर देना हमारा लक्ष्य है।
📍 बिहार pic.twitter.com/48zhuthqnK
प्रमुख वादे और घोषणाएं
महागठबंधन ने अपने घोषणा पत्र में युवाओं, महिलाओं और गरीब तबकों को ध्यान में रखते हुए कई बड़े और महत्वपूर्ण वादे किए हैं, जिनमें मुख्य रूप से शामिल हैं:-
- सरकारी नौकरी: घोषणा पत्र का सबसे बड़ा वादा ‘हर परिवार से एक सदस्य को सरकारी नौकरी’ देने का है। तेजस्वी यादव ने पहले भी इस वादे का कई बार जिक्र किया है और अब इसे औपचारिक रूप से घोषणापत्र में शामिल किया गया है।
- महिलाओं के लिए भत्ता: महिलाओं के लिए ‘माई-बहिन योजना’ के तहत हर महीने ₹2500 का भत्ता देने की घोषणा की गई है।
- मुफ्त बिजली: गरीब परिवारों को बड़ी राहत देते हुए 200 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने का वादा किया गया है।
- सस्ते गैस सिलेंडर: महिलाओं को एक और बड़ी राहत देते हुए, महागठबंधन ने ₹500 में गैस सिलेंडर देने का भी ऐलान किया है।
तेजस्वी यादव का वक्तव्य
घोषणा पत्र जारी करने के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए, RJD नेता तेजस्वी यादव ने कहा, “हमने सीएम का चेहरा भी घोषित कर दिया है। आज हम ‘तेजस्वी प्रण पत्र’ जारी कर रहे हैं, जो बताता है कि हम अगले 5 साल कैसे काम करने जा रहे हैं।” उन्होंने जोर देकर कहा, “ये हमारा प्रण पत्र है, इसे हम 5 साल में पूरा करेंगे।”
यह भी पढ़ेंः 25 से 30 फिर हमारे नेता होंगे नीतीश – डॉ. दिलीप जायसवाल
पोस्टर में दिखी राहुल गांधी की तस्वीर
प्रेस कॉन्फ्रेंस के पोस्टर में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की तस्वीर भी शामिल थी, हालांकि, तेजस्वी यादव के मुकाबले उनकी तस्वीर छोटी थी, जो RJD नेता को गठबंधन के मुख्यमंत्री चेहरे के रूप में पेश करने पर जोर देता है। घोषणा पत्र में किए गए वादे बिहार के मतदाताओं, खासकर युवाओं और महिलाओं के बीच एक बड़ा चुनावी मुद्दा बनने की संभावना है।



