नालंदा: आस्था और श्रद्धा के महापर्व छठ पूजा की खुशियां रविवार को मातम में बदल गईं, जब जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में छठ घाट पर हुए हादसों में सात लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में महिलाएं, युवक और बच्चे शामिल हैं। इन हादसों से पूरे जिले में शोक की लहर दौड़ गई है।
हिलसा थाना क्षेत्र: लोकायन नदी में डूबे 5, तीन की मौत, दो लापता
पहला बड़ा हादसा हिलसा थाना क्षेत्र के सिपारा गांव में हुआ, जहां लोकायन नदी में स्नान के दौरान पांच लोग डूब गए। इनमें से तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य अब भी लापता हैं। स्थानीय गोताखोरों और पुलिस की टीम नदी में लापता लोगों की तलाश में जुटी है।
मृतकों की पहचान-
- वर्षा कुमारी (19 वर्ष), पिता सुबोध साव, निवासी सिपारा गांव
- शिवम कुमार (16 वर्ष), पिता समकेश साव, निवासी बौरी गांव, जहानाबाद
- सुनीता कुमारी (20 वर्ष), पिता धन्नू गोप, निवासी सिपारा गांव
लापता युवकों में रजनीश कुमार, निवासी कोरारी गांव (थाना नगरनौसा) का नाम शामिल है। एक अन्य युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक व्यक्ति को बचाने के प्रयास में एक-एक कर पांच लोग नदी में समा गए। घटना के बाद पूरे गांव में मातमी सन्नाटा छा गया है।
सारे थाना क्षेत्र: प्रसाद बांटते समय युवक की डूबने से मौत
दूसरी दर्दनाक घटना सारे थाना क्षेत्र के भिखनी बिगहा गांव की है, जहां जिरायीन नदी में एक युवक की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान विक्की कुमार (28 वर्ष), पिता स्व. दशरथ प्रसाद के रूप में की गई है। बताया जाता है कि विक्की की मां छठ व्रत रखी थीं, और वह घाट पर पारण का प्रसाद बांटने के दौरान नदी में गिर गया। स्थानीय लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी।
अस्थावां थाना क्षेत्र: किशोरी की डूबने से मौत
तीसरा हादसा अस्थावां थाना क्षेत्र के रजावां गांव में हुआ। यहां नहाने के दौरान 13 वर्षीय नीरू कुमारी की डूबने से मौत हो गई। नीरू, भोनु चौहान की पुत्री थी, जो वर्तमान में मोहद्दीपुर मोहल्ला (बिहारशरीफ) में रहते हैं। परिवार के अनुसार, नीरू अपनी मां के साथ स्नान के लिए घाट पर गई थी, तभी यह हादसा हो गया।
सिलाव थाना क्षेत्र: पंचाने नदी में किशोर की मौत
चौथा हादसा सिलाव थाना क्षेत्र के जुनैदी गांव स्थित पंचाने नदी में हुआ, जहां 14 वर्षीय विकास कुमार, पिता भूषण यादव, निवासी भोजपुर गांव की नहाने के दौरान डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
यह भी पढ़ेंः बिहार में बागी तय करेंगे किसे मिलेगी कुर्सी, कौन होगा सत्ता से दूर!
प्रशासन ने जताया दुख, दी सावधानी की अपील
नालंदा पुलिस ने सभी घटनाओं की पुष्टि करते हुए बताया कि सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, और संबंधित थानों में यूडी केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे नदी घाटों पर अर्घ्य या स्नान के दौरान सतर्कता बरतें, क्योंकि जलस्तर में वृद्धि और फिसलन के कारण हादसों की संभावना बनी रहती है।
सातवीं कक्षा के छात्र की मौत
इसी क्रम में अब सातवीं मौत की खबर सामने आई है। यह घटना नगरनौसा थाना क्षेत्र के मुनियमपुर गांव की है, जहां 10 वर्षीय कुमार सावंत, पिता बिंदेश्वर सिंह, की छठ घाट पर नहाने के दौरान डूबने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि सावंत पटना के फतुहा स्थित एक निजी स्कूल में सातवीं कक्षा का छात्र था और छठ की छुट्टी में अपने गांव आया हुआ था।



