पटना: बिहार समेत उत्तर भारत में इन दिनों आस्था का महापर्व छठ धूमधाम के साथ मनाया जा रहा है। इस मौके पर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) में शामिल बिहार की दो प्रमुख पार्टियों, जनता दल यूनाइटेड (JDU) और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्षों के रिश्तों के बीच बढ़ी तल्खी खत्म होती नजर आ रही है। दरअसल, रविवार को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अचानक केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के पटना स्थित आवास पर पहुंचे और छठ के दूसरे दिन ‘खरना’ का प्रसाद ग्रहण किया। इस मुलाकात ने बिहार की राजनीति में गर्माहट ला दी है।
धन्यवाद माननीय मुख्यमंत्री जी, जो आज आप मेरे आवास पर आए और खरना का प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान मेरे परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर छठ महापर्व की शुभकामनाएं देने के लिए हार्दिक आभार।@NitishKumar pic.twitter.com/hy1EbuqHFK
— युवा बिहारी चिराग पासवान (@iChiragPaswan) October 26, 2025
पैर छूकर लिया आशीर्वाद
जैसे ही सीएम नीतीश घर पहुंचे तो चिराग पासवान ने गर्मजोशी दिखाते हुए उनके पैर छूकर आशीर्वाद लिया। इस मुलाकात की तस्वीरें चिराग पासवान ने सोशल मीडिया पर भी शेयर की हैं, जिनमें सीएम नीतीश उनके परिवार के सदस्यों के साथ खड़े नजर आ रहे हैं।
चिराग पासवान ने जताया आभार
अपनी पोस्ट के कैप्शन में चिराग पासवान ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने लिखा है “धन्यवाद मुख्यमंत्री जी, जो आज आप मेरे आवास पर आए और खरना का प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान मेरे परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर छठ महापर्व की शुभकामनाएं देने के लिए आभार।
चुनावी मौसम में तल्खी खत्म!
गौरतलब है कि पिछले कुछ सालों से दोनों नेताओं के बीच संबंध सहज नहीं चल रहे थे। चिराग पासवान बिहार में कानून-व्यवस्था और अन्य मुद्दों को लेकर लगातार राज्य सरकार (नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली) पर निशाना साधते रहे हैं। पिछले दिनों उनके कई बयानों ने दोनों नेताओं के बीच अनबन की अटकलों को हवा दी थी।
ऐसे में, चुनावी मौसम में नीतीश कुमार का खुद चिराग के घर प्रसाद ग्रहण करने जाना, राजनीतिक विश्लेषकों द्वारा बेहद अहम रणनीतिक कदम माना जा रहा है। यह एनडीए की एकजुटता को मजबूत करने की दिशा में उठाया गया कदम है, ताकि विपक्षी दलों को किसी भी तरह की कमजोरी का फायदा न मिल सके।
यह भी पढ़ेंः बिहार का फैसला गुजरात के व्यापारी करेंगे?- इमरान प्रतापगढ़ी
विवाद पैदा करने की कोशिशें थीं
इस मुलाकात के बाद चिराग पासवान का बयान सामने आया। उन्होंने कहा कि आज छठ का मौका है और उनके लिए यह दिन बेहद खास है, क्योंकि मुख्यमंत्री उनके घर आए और आशीर्वाद दिया।
चिराग पासवान ने स्पष्ट किया कि: “कुछ लोग विवाद पैदा करने की कोशिश में लगे थे। बेवजह झूठा प्रचार करने में लगे हुए थे। सीएम नीतीश के साथ मेरा अच्छा रिश्ता है और किसी को कोई गलतफहमी नहीं होना चाहिए। दोनों दलों के बीच कभी कोई समस्या नहीं रही है।” यह मुलाकात न केवल राजनीतिक गलियारों में बल्कि आम जनता के बीच भी चर्चा का विषय बनी हुई है।



