बिहार का फैसला गुजरात के व्यापारी करेंगे?- इमरान प्रतापगढ़ी

राज्यसभा सांसद इमरान प्रतापगढ़ी ने नालंदा में जनसभा को संबोधित करते हुए गृहमंत्री अमित शाह पर जोरदार हमला बोला और पूछा, 'क्या बिहार का फैसला गुजरात के व्यापारी करेंगे?'

Share This Article:

नालंदा: बिहार विधानसभा आम चुनाव 2025 की तारीखें जैसे-जैसे नजदीक आ रही हैं, वैसे-वैसे बदलते मौसम के साथ सियासी सरगर्मियां और जुबानी जंग तेज होती जा रही है। इसी क्रम में, रविवार को अल्पसंख्यक सेल के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद इमरान प्रतापगढ़ी और बिहार कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के गृह क्षेत्र नालंदा में दो जनसभाओं को संबोधित किया।

प्रतापगढ़ी ने शायरी से तालियां बटोरीं

प्रतापगढ़ी ने अपनी शायरी से जिले की जनता की खूब तालियां बटोरीं। साथ ही केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और एनडीए प्रत्याशी पर तंज कसते हुए उन्होंने महागठबंधन की ओर से तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री और मुकेश साहनी को उपमुख्यमंत्री बनाने की बात भी कही। उन्होंने जनता से यह वादा भी किया कि अगर वे उनके प्रत्याशी को विधायक बनाते हैं, तो वे खुद को फ्री में राज्यसभा सांसद के रूप में जनता को समर्पित करेंगे।

डबल इंजन की सरकार पूरी तरह विफल

चुनावी सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि बिहार में डबल इंजन की सरकार पूरी तरह विफल साबित हो रही है। उन्होंने दावा किया कि नालंदा विधानसभा क्षेत्र में महागठबंधन के कांग्रेस प्रत्याशी कौशलेंद्र कुमार उर्फ छोटे मुखिया के पक्ष में लोग एकजुट हो रहे हैं, जिससे ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार हार के डर से बौखलाए हुए हैं और लोगों को डराने-धमकाने से भी पीछे नहीं हट रहे हैं।

तेजस्वी को जिताने की अपील

उन्होंने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि नालंदा सहित पूरे बिहार से डबल इंजन की सरकार को हटाते हुए तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनाने का काम करें। इस मौके पर इमरान प्रतापगढ़ी ने कहा कि जिस तरह आज देश में महंगाई चरम सीमा पर पहुंच चुकी है, उसी तरह राज्य में अंचल से लेकर जिलाधिकारी कार्यालय तक बिना चढ़ावे के लोगों का कोई कार्य नहीं होता है। उन्होंने लोगों से भ्रष्टाचारी सरकार को हटाकर, उनके प्रत्याशी को रिकॉर्ड मतों से जिताने और नई सरकार बनाने में सहयोग करने की अपील की।

शाह पर प्रतापगढ़ी का जोरदार हमला

इमरान प्रतापगढ़ी ने बिहारशरीफ में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को सीधा जवाब देते हुए कहा कि क्या बिहार का फैसला गुजरात के व्यापारी करेंगे? बिहार की तकदीर का फैसला बिहार का बेटा तेजस्वी यादव करेगा। उन्होंने कहा कि यह चुनाव सिर्फ एक विधायक चुनने का नहीं है, बल्कि 20 साल से बिहार को लूट रहे लोगों को सत्ता से बेदखल कर तेजस्वी यादव के नेतृत्व में नई सरकार बनाने का चुनाव है।

जनता को ‘फ्री सांसद’ का ऑफर

उन्होंने जनता को ऑफर देते हुए कहा कि आप उमैर को विधायक बनाकर पटना की असेंबली में भेजिए। आप सिर्फ एक विधायक नहीं बनाएंगे, बल्कि एक सांसद इमरान प्रतापगढ़ी के तौर पर फ्री में पाएँगे। उमैर पटना में लड़ेंगे और जरूरत पड़ी तो मैं दिल्ली की संसद में आपके लिए लड़ूंगा।”

नाराज नेताओं को संदेश

महागठबंधन में टिकट बंटवारे को लेकर नाराज चल रहे राजद के पूर्व विधायक पप्पू खान और युवा नेता दानिश मलिक को भी उन्होंने इशारों में संदेश दिया। उन्होंने कहा, ‘फुटबॉल के मैच में हर आदमी गोल नहीं करता, किसी को पास भी देना पड़ता है। अगर महागठबंधन ने गोल करने का जिम्मा उमैर खान को दिया है, तो बाकी लोगों को उनका साथ देना चाहिए। जब जंगल में आग लगती है, तो आपसी रगड़ से चिंगारी पैदा करना बंद कर देना चाहिए।

Sandeep Kumar

sandeepx4a@gmail.com

संदीप कुमार एक अनुभवी वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिन्हें समाचार जगत में 14 साल से ज्यादा काम किया है। इन्हें गहन शोध, सटीक रिपोर्टिंग और निष्पक्ष पत्रकारिता के लिए जाना जाता है। उन्होंने ETV Bharat, Hyderabad में साढ़े पाँच वर्षों तक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और राष्ट्रीय से लेकर क्षेत्रीय स्तर तक कई अहम खबरों को प्रभावशाली अंदाज में प्रस्तुत किया। इसके साथ ही उन्होंने Network 10, TOTAL News, MH1 समेत कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी अपनी पत्रकारिता का कौशल साबित किया। राजनीति, राष्ट्रीय सुरक्षा, समाज और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों पर पकड़ मजबूत है। इस समय newG india में कार्यरत हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

न्यूज़लेटर के लिए सब्सक्राइब करें

कैटेगरीज़

हम वह खबरची हैं, जो खबरों के साथ खबरों की भी खबर रखते हैं। हम NewG हैं, जहां खबर बिना शोरगुल के है। यहां news, without noise लिखी-कही जाती है। विचार हममें भरपूर है, लेकिन विचारधारा से कोई खास इत्तेफाक नहीं। बात हम वही करते हैं, जो सही है। जो सत्य से परामुख है, वह हमें स्वीकार नहीं। यही हमारा अनुशासन है, साधन और साध्य भी। अंगद पांव इसी पर जमा रखे हैं। डिगना एकदम भी गवारा नहीं। ब्रीफ में यही हमारा about us है।

©2025 NewG India. All rights reserved.