नई दिल्ली: दिल्ली के लोक निर्माण, जल एवं बाढ़ नियंत्रण मंत्री श्री प्रवेश साहिब सिंह ने आज छठ महापर्व की तैयारियों का जायजा लेने के लिए राजधानी के विभिन्न प्रमुख छठ घाटों का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधाओं और सुरक्षा में कोई कसर न छोड़ी जाए।
व्यापक दौरा और निर्देश
मंत्री ने मटीयाला (श्याम विहार जेड ब्लॉक), नजफगढ़ (जय विहार), विकासपुरी (दास गार्डन), नांगलोई (निहाल विहार), नरेला (सेक्टर ए-10 दशहरा ग्राउंड) और पल्ला घाट का दौरा किया। पल्ला से उन्होंने एक विशेष पहल करते हुए यमुना नदी में नौका द्वारा वसुदेव घाट सहित विभिन्न घाटों की स्थिति का निरीक्षण किया और चल रहे कार्यों की समीक्षा की।
गोविंद घाट, बजरंग घाट, श्याम घाट, सूर घाट और गीता कॉलोनी घाट पर मंत्री ने स्थानीय लोगों और स्वयंसेवकों से भी मुलाकात की। उन्होंने विशेष रूप से सफाई, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, जल गुणवत्ता, सुरक्षा और कचरा प्रबंधन से जुड़ी व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच की।
विभागों को चौबीसों घंटे समन्वय का निर्देश
निरीक्षण के दौरान PWD, DJB, सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग (IFC), ज़िला प्रशासन (डीएम व डीसी कार्यालय) और दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मंत्री के साथ मौजूद रहे। श्री प्रवेश साहिब सिंह ने सभी विभागों को निर्देश दिया कि वे चौबीसों घंटे समन्वय और निगरानी बनाए रखें ताकि यह आस्था का पर्व सुरक्षित, स्वच्छ और सुव्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके।
‘छठ आस्था, अनुशासन और प्रकृति का अद्भुत संगम है’
मीडिया से बातचीत में मंत्री श्री प्रवेश साहिब सिंह ने छठ पर्व के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा:- ‘छठ केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि यह आस्था, अनुशासन और प्रकृति का अद्भुत संगम है। उगते और अस्त होते सूर्य को अर्घ्य देना कृतज्ञता, आशा और जीवन के निरंतर प्रवाह का प्रतीक है।’ उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ यह सुनिश्चित कर रही है कि प्रत्येक श्रद्धालु को स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित वातावरण में पूजा का अवसर मिले।
यह भी पढ़ें: बेतिया में छठ की तैयारियां पूरी, 72 घाटों पर कड़े सुरक्षा इंतजाम
निजी पहल: आवास पर भी छठ घाट की व्यवस्था
श्री प्रवेश साहिब सिंह ने बताया कि PWD, जल बोर्ड और बाढ़ नियंत्रण विभाग ने स्थानीय निकायों के सहयोग से सभी प्रमुख घाटों पर सफाई, प्रकाश व्यवस्था, सड़क मरम्मत और सुरक्षा से जुड़े कार्य पूरे कर लिए हैं। एक व्यक्तिगत पहल के तौर पर, मंत्री ने अपने आवास पर भी छठ पूजा घाट की व्यवस्था कराई है, ताकि आसपास के निवासी और जो श्रद्धालु दूर नहीं जा सकते, वे आसानी से पूजा-अर्चना कर सकें।



