नालंदा/बिहारशरीफ: नालंदा में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के चुनावी जनसभा कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा में बड़ी चूक सामने आई। हालांकि, सुरक्षा में तैनात कर्मियों ने सूझबूझ और तत्परता के साथ मामले को समय रहते निपटा लिया। दरअसल, भाजपा के उसी प्रत्याशी डॉ. सुनील कुमार के समर्थन में अमित शाह चुनावी जनसभा को संबोधित करने आए थे।

कार्यक्रम स्थल के बाहर मची अफरा तफरी
इसी दौरान डॉ. सुनील कुमार पर एक पड़ोसी दिव्यांग ने जमीन कब्जाने का आरोप लगाया। पीड़ित व्यक्ति अपनी पत्नी और दो मासूम बच्चों के साथ कार्यक्रम स्थल के बाहर अस्पताल चौक पर पहुंच गया और पेट्रोल डालकर आत्मदाह करने का प्रयास किया। इससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस ने पीड़ित को हिरासत में लिया
सुरक्षा में तैनात पुलिस कर्मियों ने तुरंत हस्तक्षेप करते हुए सभी को हिरासत में लेकर थाने ले गए। पीड़ित व्यक्ति ने हाथ में तख्ती पकड़ी थी, जिसमें लिखा था: मैं भाजपा का समर्थक हूं, साथ ही मंत्री व भाजपा विधायक प्रत्याशी डॉ. सुनील कुमार भूमाफिया का पड़ोसी हूं, जो मेरी जमीन कब्जा कर रहा है। माननीय अमित शाह जी, आप बताएं मैं भू माफिया डॉ. सुनील कुमार को वोट क्यों दूं।
पीड़ित महिला रोते हुए कह रही थी कि, मुझे न्याय चाहिए। विधायक ने मेरा घर लूट लिया है। मैं कई सालों से प्रयास कर रही हूं, लेकिन मुझे न्याय नहीं मिल रहा है। कृपया हमें विधायक के उत्पीड़न से बचाएं।
यह भी पढ़ेंः बीजेपी सांसद से रंगदारी मांगने के मामला, मुख्य आरोपी समेत दो गिरफ्तार
इस घटना के संबंध में बिहार थानाध्यक्ष ने पुष्टि करते हुए कहा कि पीड़ित व्यक्ति जमीन संबंधी विवाद की शिकायत कर रहे थे। पुलिस ने समझाइश देकर उन्हें घर भेज दिया। पेट्रोल छिड़ककर आत्मदाह करने के प्रयास को रोक लिया गया। आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



