बेतिया: जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर (PK) ने शुक्रवार क बेतिया विधानसभा क्षेत्र में भव्य रोड शो किया। उन्होंने अपनी पार्टी के उम्मीदवार अनिल सिंह के लिए लोगों से वोट करने की अपील की और इस दौरान देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा गृह मंत्री अमित शाह पर जमकर हमला बोला।
पीएम मोदी पर तंज: वादे निकले झूठे
प्रशांत किशोर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तंज कसते हुए उनके वादों को झूठा करार दिया। उन्होंने कहा, ‘मोदी जी ने बिहार के लिए छठ महापर्व में 12 हजार ट्रेनें चलाने का वादा किया था, लेकिन आज बिहार के बच्चे देश भर के स्टेशनों पर लाठी और धक्का खा रहे हैं। वे सीढ़ियों और शौचालयों में बैठकर घर आने के लिए मजबूर हैं।’
पीके ने इस बात पर जोर दिया कि चंपारण न केवल गांधी जी की कर्मभूमि है, बल्कि यह जन सुराज की जन्मभूमि भी है, और यहां से शुरू हुआ यह प्रयास बिहार के लोगों की राजनीतिक बंधुआ मजदूरी को खत्म करने वाला है।
अमित शाह पर निशाना
प्रशांत किशोर ने देश के गृह मंत्री अमित शाह की राजनीतिक रणनीति पर भी करारा प्रहार किया। उन्होंने आरोप लगाया कि अमित शाह ने ‘उम्मीदवार लूटने का नया काम’ शुरू किया है।
यह भी पढ़ेंः समस्तीपुर: PM मोदी का प्रहार, बोले – विपक्ष के पास बस ‘छर्रा-कट्टा-दुनाली’
पीके ने दावा किया, ‘उन्होंने (अमित शाह ने) हमारे 3-4 उम्मीदवार लूटे, लेकिन आज हमने गोपालगंज में एक सूद समेत वापस कर दिया है।’ यह बयान उनकी पार्टी के उम्मीदवारों को तोड़ने की कथित कोशिशों और जन सुराज द्वारा जवाबी राजनीतिक कदम उठाने की ओर इशारा करता है। प्रशांत किशोर ने बेतिया की जनता से अपील करते हुए कहा कि जन सुराज का यह प्रयास बिहार की राजनीति को बदलने के लिए एक निर्णायक कदम है।



