नई दिल्ली: दिवाली के बाद सोने-चांदी में आई तेजी थम गई है। सोने के दाम में 5,677 रुपए और चांदी भी रिकॉर्ड हाई से 25,599 रुपये की गिरावट आई है। इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार, आज यानी 22 अक्टूबर को 10 ग्राम 24 कैरेट सोने की कीमत 3,726 रुपये घटकर 1,23,907 रुपये हो गई है। 17 अक्टूबर को सोने की कीमत 1,29,584 रुपए था, वहीं 20 अक्टूबर को गोल्ड का रेट 1,27,633 रुपए पर था।
क्यों गिरा अचानक रेट
- त्योहारी सीज़न खत्म, खरीदारी थमी- भारत में दीवाली जैसे बड़े त्योहारों पर सोना-चांदी की खूब खरीद होती है। लेकिन त्योहार खत्म होते ही लोग खरीदारी कम कर देते हैं। अब जब दीवाली निकल गई है, तो लोगों ने सोना-चांदी खरीदना भी लगभग बंद कर दिया है। इसकी वजह से मांग कम हो गई और कीमतें गिरने लगीं।
- अमेरिका-चीन ट्रेड टेंशन में नरमी की उम्मीद-सोना और चांदी को ‘सेफ-हेवन’ एसेट माना जाता है यानी जब वैश्विक अनिश्चितता या भू-राजनीतिक तनाव बढ़ता है, तो निवेशक सुरक्षित ठिकाने के रूप में इन धातुओं की ओर रुख करते हैं। हालांकि, अब अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच संभावित बैठक की खबरों से ट्रेड वॉर की चिंता कम हुई है।
ये भी पढ़ें-Diwali 2025: सस्ती इलेक्ट्रिक बाइक्स से बनाएं ग्रीन राइडिंग का सपना
सोने-चांदी में इतनी तेजी
आपको बता दें कि इस साल गोल्ड की कीमत में अब तक 47,745 रुपये की तेजी देखी गई है। वहीं चांदी 66,484 रुपये महंगी हुई है। 31 दिसंबर, 2024 को 10 ग्राम 24 कैरेट सोने की कीमत ₹76,162 थी, जो अब बढ़कर ₹1,23,907 हो गई है। इस दौरान चांदी की कीमत में भी ₹66,484 की बढ़ोतरी हुई है। 31 दिसंबर, 2024 को एक किलोग्राम चांदी की कीमत ₹86,017 थी, जो अब बढ़कर ₹1,52,501 प्रति किलोग्राम हो गई है।



