आरा/भोजपुर: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को देखते हुए प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे विशेष निगरानी अभियान के तहत भोजपुर जिला पुलिस को एक महत्त्वपूर्ण सफलता मिली है। बबुरा थाना क्षेत्र के फोर लेन पर पुलिस ने यात्रियों से भरी एक डबल डेकर बस के तहखाने (गुप्त डिब्बे) से भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब बरामद की है। इस कार्रवाई में पुलिस ने उत्तर प्रदेश के कानपुर निवासी दो शराब तस्करों को भी गिरफ्तार किया है।
₹30 लाख रुपये की खराब जब्त
पुलिस सूत्रों के अनुसार, बबुरा थाना प्रभारी संजय कुमार के नेतृत्व में चेक पोस्ट पर वाहनों की गहन जांच की जा रही थी। इसी दौरान दिल्ली से दरभंगा जा रही एक डबल डेकर बस को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान बस के तहखाने में छिपाकर रखी गई महंगी विदेशी शराब की एक बड़ी खेप मिली। बरामद शराब की अनुमानित कीमत लगभग ₹30 लाख बताई जा रही है।
मौके से दो तस्कर अरेस्ट
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान भगवान सिंह और राजकुमार के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि यह शराब दरभंगा पहुंचाई जानी थी, जहां इसे अवैध रूप से बेचने की योजना थी। एसडीपीओ रंजीत कुमार सिंह ने बताया कि यह कार्रवाई आगामी चुनाव के मद्देनजर चलाए जा रहे विशेष जांच अभियान का एक हिस्सा है। शराबबंदी वाले राज्य में इतनी बड़ी मात्रा में शराब की तस्करी एक गंभीर अपराध है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
यह भी पढ़ें: मुजफ्फरपुर: मंच से गरजे CM नीतीश, पहले था ‘जंगलराज’, अब है ‘कानूनराज’
जिला प्रशासन की सख्ती
चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भोजपुर जिला प्रशासन ने कई संवेदनशील स्थानों पर चेक पोस्ट स्थापित किए हैं, जहां चौबीसों घंटे (24×7) निगरानी की जा रही है। पुलिस अधीक्षक (SP) के निर्देश पर लगातार चल रही इस मुहिम ने शराब माफियाओं की कमर तोड़ दी है।



