वैशाली: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दौरान वैशाली जिले की लालगंज विधानसभा सीट पर सियासी समीकरण में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। कांग्रेस उम्मीदवार आदित्य कुमार उर्फ राजा ने सोमवार को अपना नामांकन वापस ले लिया, जिससे इस सीट पर मुकाबला अब एकतरफा होता दिख रहा है। इस सीट से राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने बाहुबली नेता मुन्ना शुक्ला की बेटी शिवानी शुक्ला को टिकट दिया है।
कांग्रेस उम्मीदवार का नामांकन वापसी से बदला चुनावी गणित
लालगंज सीट से नामांकन दाखिल करने वाले कांग्रेस प्रत्याशी आदित्य कुमार उर्फ राजा ने सोमवार को नाम वापसी की अंतिम तिथि के दिन अपना नामांकन वापस ले लिया। इस फैसले की पुष्टि वैशाली जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने की। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए बताया कि वैशाली जिले में कुल चार उम्मीदवारों ने अपने नामांकन वापस लिए हैं।
वैशाली जिले में 105 प्रत्याशी मैदान में
डीएम वर्षा सिंह के मुताबिक, जिले में विधानसभा चुनाव के लिए कुल 134 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया था, जिनमें से 25 उम्मीदवारों का नामांकन रद्द कर दिया गया। इसके बाद 109 उम्मीदवार चुनावी मैदान में बचे थे, लेकिन नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब 105 उम्मीदवार ही मैदान में रह गए हैं।
विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में उम्मीदवारों की संख्या
वैशाली जिले की अलग-अलग विधानसभा सीटों पर उम्मीदवारों की स्थिति इस प्रकार है-
- हाजीपुर विधानसभा: 12 उम्मीदवार
- लालगंज विधानसभा: 10 उम्मीदवार
- वैशाली विधानसभा: 13 उम्मीदवार
- महनार विधानसभा: 18 उम्मीदवार
- पातेपुर विधानसभा: 10 उम्मीदवार
- राजापाकड़ विधानसभा: 14 उम्मीदवार
- महुआ विधानसभा: 15 उम्मीदवार
- राघोपुर विधानसभा: 13 उम्मीदवार
नामांकन वापसी के बाद लालगंज से एक, महुआ से दो और महनार से एक उम्मीदवार ने नाम वापस लिया है।
यह भी पढ़ेंः बाहुबली मुन्ना शुक्ला की बेटी ने पप्पू यादव से मांगी माफी, जानिए क्या है मामला
लालगंज सीट पर अब RJD का पलड़ा भारी
कांग्रेस प्रत्याशी के नाम वापसी के बाद लालगंज सीट पर मुकाबला अब RJD प्रत्याशी शिवानी शुक्ला के पक्ष में जाता दिख रहा है। मुन्ना शुक्ला की बेटी होने के नाते शिवानी शुक्ला को स्थानीय स्तर पर परिवार की राजनीतिक विरासत का भी लाभ मिल सकता है। अब देखना होगा कि आगामी मतदान में जनता किसे अपना समर्थन देती है और क्या शिवानी शुक्ला अपने पिता की राजनीतिक छवि को आगे बढ़ाने में सफल होती हैं या नहीं।



