पटना: बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए उम्मीदवारों की नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी पूरी हो चुकी है। जिला निर्वाचन अधिकारियों ने विभिन्न जिलों से प्राप्त नामांकनों की जांच के बाद कुल 467 प्रत्याशियों के पर्चे रद्द कर दिए हैं। कुल 121 विधानसभा क्षेत्रों में 6 नवंबर को होने वाले मतदान के लिए अब 1976 नामांकन वैध पाए गए हैं। यह जानकारी भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है।
रद्द हुए नामांकनों में चिराग पासवान की LJP(R) की उम्मीदवार सीमा सिंह का नाम भी शामिल है। सीमा सिंह सारण जिले की मढ़ौरा विधानसभा सीट से एनडीए की ओर से मैदान में उतरी थीं। इसके अलावा, बसपा और जदयू के कई बागी प्रत्याशियों के पर्चे भी तकनीकी खामियों और कागजातों में कमियों के कारण खारिज हो गए हैं।
मढ़ौरा सीट पर एनडीए को झटका
सारण जिले की मढ़ौरा विधानसभा सीट पर एनडीए को सबसे बड़ा झटका लगा है। यहां से LJP(R) की उम्मीदवार और भोजपुरी अभिनेत्री सीमा सिंह का नामांकन रद्द हो गया है। रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा की गई जांच में उनके कागजातों में तकनीकी खामियां पाई गईं, जिसके आधार पर पर्चा अवैध घोषित कर दिया गया। इसके साथ ही मढ़ौरा से चार नामांकन रद्द हुए हैं, जिनमें बसपा के आदित्य कुमार, जदयू के पूर्व नेता अल्ताफ आलम राजू (निर्दलीय) और निर्दलीय विशाल कुमार शामिल हैं। अब इस सीट पर एनडीए का कोई प्रत्याशी मैदान में नहीं है, जिससे बिना लड़े ही हार तय हो गई है। विपक्षी आरजेडी के जितेंद्र राय और जन सुराज पार्टी के नवीन कुमार सिंह उर्फ अभय सिंह के बीच सीधा मुकाबला है।
यह भी पढ़ेंः RJD प्रत्याशी ने पप्पू यादव को दी धमकी- कहा, ‘छोड़ेंगे नहीं…’
नाम वापसी की अंतिम तिथि कल
पहले चरण के लिए नाम वापसी की अंतिम तिथि कल (20 अक्टूबर) है। सभी की निगाहें इस पर टिकी हैं कि कौन-कौन प्रत्याशी अंतिम समय में नाम वापस लेते हैं। महागठबंधन (आरजेडी-कांग्रेस आदि) में अभी भी कई सीटों पर उम्मीदवारों को लेकर अंतिम फैसला नहीं हो पाया है, जिससे राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।



