नई दिल्ली: धनतेरस के पावन अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूरे देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। इस मौके पर उन्होंने सभी लोगों के सुख, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। प्रधानमंत्री ने आशा जताई कि भगवान धन्वंतरि सभी पर अपनी कृपा बनाए रखें। प्रधानमंत्री मोदी ने माइक्रोब्लॉगिंग साइट X (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट के जरिए अपने संदेश में लिखा, “देश के मेरे सभी परिवारजनों को धनतेरस की अनेकानेक शुभकामनाएं। इस पावन अवसर पर मैं हर किसी के सुख, सौभाग्य और आरोग्य की कामना करता हूं। भगवान धन्वंतरि सबको अपना भरपूर आशीर्वाद दें।”
धनतेरस का महत्व
धनतेरस का पर्व हर साल दीपावली से पहले त्रयोदशी तिथि को मनाया जाता है। इस दिन को भगवान धन्वंतरि के जन्मदिन के रूप में भी मनाया जाता है, जो आयुर्वेद के देवता माने जाते हैं और स्वास्थ्य व दीर्घायु के प्रतीक हैं। इस दिन लोग नए बर्तन, आभूषण और विशेष रूप से चांदी के सामान खरीदते हैं, जिसे शुभ माना जाता है।प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में न केवल लोगों के भौतिक सुख-समृद्धि की कामना की, बल्कि अच्छे स्वास्थ्य पर भी ज़ोर दिया। उन्होंने भगवान धन्वंतरि से प्रार्थना की कि वे सभी को आरोग्य और दीर्घायु का आशीर्वाद दें।देशभर में इस दिन को हर्ष और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। बाज़ारों में भी काफी चहल-पहल देखी जा रही है और लोग उत्साह से त्योहार की तैयारियों में जुटे हैं।
- इसको भी पढ़ें: ग्रीन पटाखों की पूरी दुनिया, असली vs नकली की आसान पहचान
धनतेरस की शुभकामनाएं
प्रधानमंत्री का यह संदेश लोगों के लिए प्रेरणा देने वाला है और त्योहार की खुशियों को और भी बढ़ा देता है। धनतेरस के इस शुभ अवसर पर सभी लोग एक-दूसरे को शुभकामनाएं दे रहे हैं और अपने घरों में सुख-शांति की कामना कर रहे हैं।



