समस्तीपुर: बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के प्रति जबरदस्त समर्थन की लहर देखने को मिल रही है। हम पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्य के मंत्री संतोष कुमार सुमन ने दावा किया है कि 2025 के विधानसभा चुनावों में NDA की प्रचंड जीत होगी और नीतीश कुमार 2030 तक एक बार फिर बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराएंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर जनता के बीच केंद्र और की उपलब्धियों को पहुंचाने का आह्वान किया। संतोष कुमार ने यहा बात मोरवा प्रखंड क्षेत्र के चकलालशाही स्थित हम पार्टी कार्यालय में एक कार्यक्रम के दौरान कहा। कार्यक्रम की अध्यक्षता बी.के. सिंह उर्फ बिरजेन्दू कुमार ने की।
बिहार में एनडीए की लहर
डॉ. संतोष कुमार सुमन ने कहा कि “यह चुनावी वर्ष है और इस समय बिहार में एनडीए की लहर चल रही है। जनता का विश्वास और समर्थन लगातार एनडीए के पक्ष में बढ़ता जा रहा है। वर्ष 2025 से 2030 तक एक बार फिर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए की सरकार बनेगी।
एनडीए सरकार ने बिहार में अभूतपूर्व विकास कार्य किए
मंत्री ने कहा कि एनडीए सरकार ने बिहार में अभूतपूर्व विकास कार्य किए हैं। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में जो प्रगति हुई है, वह धरातल पर दिखाई दे रही है। यही कारण है कि विपक्षी दल अब पूरी तरह मुद्दा विहीन और निराश हो चुके हैं। सुमन ने दावा किया कि आगामी बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए गठबंधन 225 से अधिक सीटों पर जीत दर्ज कर एक नया रिकार्ड बनाएगा।बिहार की जनता मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर अटूट भरोसा रखती है। समस्तीपुर जिले की सभी 10 सीटें इस बार एनडीए की झोली में जाएंगी।
मीडिया के सवाल के जवाब में उन्होंने कहा बी.के. सिंह उर्फ बिरजेन्दू कुमार के नेतृत्व में मोरवा क्षेत्र में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जुड़ रहे हैं, इस पर मंत्री सुमन ने कहा कि बी.के. सिंह हम पार्टी के जुझारू, ईमानदार और निष्ठावान कार्यकर्ता हैं। उन्होंने मोरवा विधानसभा क्षेत्र में करीब 40 हजार से अधिक नए सदस्यों को जोड़कर पार्टी को मजबूत बनाया है, जिससे एनडीए की स्थिति और सुदृढ़ हुई है।
मंत्री सुमन ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बिहार विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने मंत्री विजय कुमार चौधरी की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनकी वाणी में ऐसा प्रभाव है जो जनता को सहज ही आकर्षित करता है।
मोरवा विधानसभा सीट को लेकर पूछे गए सवाल पर मंत्री सुमन ने कहा कि गठबंधन की अपनी मर्यादा होती है। उन्होंने बताया कि हम पार्टी लगातार बातचीत कर रहे हैं और आने वाले कुछ दिनों में स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। यदि मोरवा सीट हम पार्टी को मिलती है, तो एनडीए उम्मीदवार को यहां से बहुमत मिलेगा। कार्यक्रम में हम पार्टी के प्रदेश महासचिव चंदन ठाकुर, जिला अध्यक्ष धीरज ठाकुर, जगन्नाथ सिंह, जिला युवा अध्यक्ष रोशन कुमार झा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।



