नई दिल्ली: दिल्ली के शिक्षा मंत्री व जनकपुरी से विधायक आशीष सूद ने इलाके के लोगों को बड़ी सौगात दी है। उन्होंने 5.5 करोड़ की लागत से जनकपुरी के पंखा रोड में विकास के कई कार्यों का शिलान्यास किया। मौके पर मंत्री सूद ने कहा कि उनकी प्राथमिकता जनकपुरी विधानसभा क्षेत्र को दिल्ली का सबसे आधुनिक, विकसित, स्वच्छ और स्थानीय निवासियों के रहने लायक बनाना है।
होगा सौंदर्यीकरण
आपको बता दें कि इस परियोजना के अंतर्गत नई आरसीसी ड्रेन का निर्माण, ग्रिट प्लास्टर एवम आयरन ग्रिल के साथ टो वॉल का निर्माण, फुटपाथ का निर्माण, सड़क के दोनों और स्ट्रीट लाइट लगाने का काम तथा सर्विस लेन में सौंदर्यीकरण और हरियाली के कामों के साथ साथ पूरे क्षेत्र की सफाई, सौंदर्यीकरण और लैंडस्केपिंग के अनेक कार्यो का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में पश्चिमी दिल्ली की सांसद कमलजीत शहरावत के साथ-साथ जनकपुरी के कई ब्लॉकों के RWA के प्रतिनिधि, स्थानीय निवासी तथा आस पास के बाजारों के दुकानदार भी उपस्थिति थे।
बदलाव की हवा बह रही
शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने बताया कि अब बदलाव की हवा बह रही है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में हम दिल्ली के जनकपुरी क्षेत्र के निवासियों की न सिर्फ समस्याएं सुन रहे हैं बल्कि उनके ठोस समाधान के लिए भी दिन-रात कई स्तरों पर काम भी किया जा रहा है। अब पूरे जनकपुरी में विकास की हवा बह रही है। गंदगी, अव्यवस्था, नारकीय जीवन न केवल जनकपुरी बल्कि विकासपुरी, उत्तम नगर, नजफगढ़ और नांगलोई तक के लोगों के लिए एक बड़ी समस्या और चुनौती बन गई थी।
ये भी पढ़ें: आस्था और सत्ता का संगम, सुल्तानगंज में चुनावी जंग तेज
कोई कसर नहीं छोड़ेंगे
मंत्री सूद ने आगे कहा कि यहां से निकलते हुए लोगों को गंदगी, कूड़े, जलभराव, आवारा पशुओं के कारण दुर्घटना होने और टूटे रोड का सामना करना पड़ता था। हम क्षेत्र की जनता और आरडब्ल्यूए के सहयोग से इस क्षेत्र के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। हमारा संकल्प है कि इस क्षेत्र के एक-एक हिस्से को साफ-सुथरा और आकर्षक बनाया जाए ताकि लोग गर्व से कह सके की हम एक विकसित क्षेत्र के निवासी है।



