पटना: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार रविवार को नालंदा जिले के हिलसा विधानसभा पहुंचे, जहां उन्होंने कार्यकर्ता जनसंवाद कार्यक्रम में शामिल होकर पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया. मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि उनकी सरकार हमेशा समाज के हर तबके के विकास के लिए काम किया है. चाहे अगड़ा वर्ग हो या पिछड़ा, अति पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक या महिला सबको समान अधिकार देने का काम किया गया है.
विकास की दिशा में बड़ी छलांग
मौके पर मुख्यमंत्री नीतीश ने कहा कि 2005 के बाद जब जनता ने उन्हें अवसर दिया, तब से बिहार ने विकास की दिशा में बड़ी छलांग लगाई है. आज पूरे बिहार में बिजली, सड़क, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हैं. गांवों में पक्की सड़कों का जाल बिछ चुका है, हर घर में बिजली पहुंच चुकी है और स्कूलों के साथ-साथ अस्पतालों की स्थिति में भी उल्लेखनीय सुधार हुआ है.
सीएम नीतीश आगे कहते हैं कि विकास का यह कार्य निरंतर जारी रहेगा और सरकार की प्राथमिकता है कि राज्य के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचे. विपक्ष पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ लोग केवल अपने परिवार का विकास करना चाहते हैं, जबकि हमारी सरकार ने समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए योजनाएं चलाई हैं. उन्होंने कहा कि महिलाओं को पंचायतों और नगर निकायों में 50 प्रतिशत आरक्षण देकर समाज में नई सोच और नेतृत्व की दिशा दी गई है, जो देशभर में एक मिसाल है.
कार्यकर्ताओं से आह्वान
मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि आने वाले विधानसभा चुनाव में विकास और एकता के मुद्दे पर मजबूती से खड़े रहें ताकि बिहार की तरक्की निरंतर जारी रहे. मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में नालंदा जिले में चल रहे विकास कार्यों का भी विस्तार से उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि राजगीर में बन रहा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम जल्द ही बिहार की पहचान बनेगा. यह स्टेडियम बिहार के युवाओं को खेल के क्षेत्र में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का अवसर देगा.
ये भी पढ़ें-JDU का बड़ा धमाका: पुराने चेहरों पर चल सकती है कैंची, नए योद्धाओं की एंट्री !
सीएम का जोरदार स्वागत
मुख्यमंत्री ने कहा कि ये सभी कार्य बिहार की बदली हुई तस्वीर का प्रमाण हैं. हमारा लक्ष्य केवल सत्ता में बने रहना नहीं, बल्कि समाज को आगे बढ़ाना है. हमने सबका साथ और सबका विकास के भाव से काम किया है. आने वाले समय में बिहार को और ऊंचाइयों पर ले जाने का संकल्प हमारा है.” कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने मुख्यमंत्री का जोरदार स्वागत किया. पूरा माहौल जोश और उत्साह से भरा रहा. मुख्यमंत्री के संबोधन के बाद कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और विश्वास देखा गया कि आने वाले दिनों में बिहार की विकास यात्रा और भी मजबूत होगी।



