पटना: बिहार विधानसभा चुनाव की तैयारी अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच गई है। इस बीच चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की अध्यक्षता में चुनाव आयोग की एक टीम बिहार के विभिन्न इलाकों का दौरा कर रही है। इसी कड़ी में शनिवार को प्रदेश के सभी मान्यता प्राप्त राजनीति दलों के साथ अहम बैठक की, जिसमें सभी दलों ने अपनी -अपनी मांगें और सुझाव से चुनाव आयोग को अवगत कराया। इस बीच आरजेडी के विधायकों को विरोध का सामना करना पड़ा रहा है। पहले मधेपुरा सदर विधायक प्रो.
चंद्रशेखर को लोगों की नाराजगी झेलनी पड़ी। अब राजद के मखदुमपुर विधानसभा से विधायक सतीश कुमार के विरोध में तो लोग पटना स्थित लालू-राबड़ी आवास पहुंच गए, और प्रदर्शन किया। हंगामा कर रहे कार्यकर्ता सतीश कुमार को दोबारा टिकट नहीं देने की मांग पर अड़े हैं। इस दौरान नाराज आरजेडी कार्यकर्ताओं ने विधायक के खिलाफ नारेबाजी भी की।
राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव के आवास पर अफरा-तफरी
पटना में शनिवार को राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव के आवास पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब मखदुमपुर विधानसभा क्षेत्र से आए कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा और प्रदर्शन किया। नाराज कार्यकर्ता वर्तमान विधायक सतीश दास को दोबारा टिकट नहीं देने की मांग कर रहे थे। उनका आरोप है कि सतीश दास ने न तो क्षेत्र के विकास के लिए काम किया, न ही पार्टी कार्यकर्ताओं की सुध ली। नाराज कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए लालू यादव के आवास के अंदर तक पहुंच गए और उनसे सीधे शिकायत की। इस बीच एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कार्यकर्ता जोरदार विरोध करते दिख रहे हैं।
प्रदर्शनकारियों का आरोप
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि सतीश दास को किसी भी हालत में टिकट नहीं दिया जाए, उन्होंने जनता और कार्यकर्ताओं के साथ धोखा किया है। राजद नेतृत्व इस पूरे प्रकरण पर क्या फैसला लेता है, इस पर सबकी नजरें टिकी हैं। विधानसभा चुनाव 2025 के मद्देनज़र यह हंगामा पार्टी के अंदर बढ़ते असंतोष और टिकट की खींचतान को साफ तौर पर दर्शाता है।
प्रदेश राजद प्रवक्ता का पक्ष
प्रदेश राजद प्रवक्ता चितरंजन गगन ने इस मामले में कहा कि दस सर्कुलर के बाहर कोई हंगामा की सूचना नहीं है। संभव
है कि किसी नेता के समर्थक टिकट की आस में अपनी बात कहने के लिए एकत्रित हुए हों। चुनावी गतिविधियां शुरू हो चुकी है। कुछ ही दिनों में टिकट वितरण का काम शुरू होगा। ऐसे में समर्थकों के आने-जाने का सिलसिला जारी रहेगा। ऐसा केवल राजद में ही नहीं बल्कि भाजपा सहित अन्य दलों के कार्यालयों के बाहर भी होता है।



