वैशाली: पूर्व केंद्रीय मंत्री पशुपति कुमार पारस ने शनिवार को अपने भतीजे चिराग पासवान को लेकर बड़ा बयान दिया।वैशाली जिला के हाजीपुर पहुंचे पशुपति कुमार पारस मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि अगर चिराग पासवान बिहार के मुख्यमंत्री बनते हैं, तो उन्हें सबसे ज्यादा खुशी होगी। वह हमारे घर का लड़का है, हमारा भतीजा है। इससे ज्यादा खुशी और किसको होगी। पशुपति पारस ने कहा कि मुख्यमंत्री बन जाना अच्छी बात है, लेकिन यह तभी संभव है जब बिहार की जनता चाहेगी। जनता के हाथ में सुप्रीम पावर है। लोकतांत्रिक व्यवस्था में एक-एक वोट की अहमियत होती है। एक वोट से ही देश का प्रधानमंत्री, संसद सदस्य और विधानसभा का सदस्य चुना जाता है। बिहार की जनता राजनीतिक रूप से जागरूक है। यहां लोग हर फैसला सोच-समझकर लेते हैं। इसलिए बिहार की जनता जिसको वोट देगी वही मुख्यमंत्री बनेगा। अगर चिराग पासवान मुख्यमंत्री बनते हैं तो परिवार के लिए यह गर्व और खुशी की बात होगी।
राजनेताओं को निष्पक्ष होकर बोलना चाहिए
पशुपति कुमार पारस ने कहा कि सिर्फ हमारे बताने से कुछ नहीं होगा जनता बताएगी कि बिहार का सीएम कौन बनेगा। केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी के द्वारा SIR के बाद वोटर लिस्ट प्रकाशित होने पर गंगाजल की तरह शुद्ध बताने के सवाल पर पशुपति कुमार पारस ने कहा कि जीतन राम मांझी अभी सरकार में है। इसलिए सरकार की बात करेंगे लेकिन राजनेताओं को निष्पक्ष होकर बोलना चाहिए। बिहार चुनाव से पहले आपने SIR क्यों नहीं कराया बिहार में लोकसभा का चुनाव हुआ विधानसभा का चुनाव हुआ उस समय चुनाव में मतदाता सूची सही था।
एनडीए की स्थिति बिहार में सही नहीं है
पशुपति कुमार पारस ने दावा किया कि एनडीए की स्थिति बिहार में अच्छी नहीं है। महागठबंधन के जो लोग हैं सामाजिक न्याय के लोग हैं एक साथ है। इसलिए भारत सरकार के लोग चुनाव आयोग पर दबाव डाल करके बिहार में 67 लाख लोगों को मौलिक अधिकार से वंचित किया है। यह संविधान की अवहेलना है।
महागठबंधन में अभी सीट बंटवारे की बात नहीं हो रही
पूर्म केंद्रीय मंत्री ने बताया कि महागठबंधन में अभी सीट बंटवारे की बात नहीं हो रही है। चुनाव की घोषणा के बाद सीट बंटवारे पर बात होगी। वहीं इस बार पशुपति कुमार पारस के पुत्र यश पासवान भी विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जहां से हम आठ बार विधायक रहे मंत्री रहे वहां अलौली विधानसभा क्षेत्र से यश चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं। वह लगातार क्षेत्र में मेहनत कर रहे हैं। लेकिन जो पार्टी का फैसला होगा जो सीट मिलेगी उसके बाद देखा जाएगा।



