पटना: नवरात्रि की महाअष्टमी के पावन अवसर पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को पटना के विभिन्न मंदिरों में माता का आशीर्वाद लिया। उन्होंने अपनी पूजा की शुरुआत अगमकुआं स्थित शीतला माता मंदिर से की, जहां मंत्रोच्चार के बीच उन्होंने माता की विधिवत पूजा-अर्चना की।

इसके बाद वे पटना सिटी के प्रसिद्ध बड़ी पटनदेवी और छोटी पटनदेवी मंदिर पहुंचे, जहां पुरोहितों ने मंत्रोच्चार के साथ पूजा संपन्न कराई। मुख्यमंत्री ने मां शीतला, बड़ी पटनदेवी और छोटी पटनदेवी से बिहार की सुख, शांति, समृद्धि और प्रगति की कामना की।
मारूफगंज और दलहट्टा मंदिर में भी पूजा
मुख्यमंत्री इसके बाद मारूफगंज स्थित श्री श्री बड़ी देवी मंदिर और श्री श्री दलहट्टा देवी मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने मां भगवती दुर्गा की पूजा-अर्चना की। इस दौरान मारवाड़ी सेवा समिति, मारूफगंज की ओर से मुख्यमंत्री को अंगवस्त्र, पाग और प्रतीक चिन्ह भेंट किया गया।

पूजा-अर्चना के दौरान उनके साथ प्रधान सचिव दीपक कुमार, सचिव अनुपम कुमार, कुमार रवि, विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह, पटना प्रमंडल आयुक्त डॉ. चन्द्रशेखर सिंह, जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम., वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के शर्मा सहित कई गणमान्य व्यक्ति, आयोजक और श्रद्धालु मौजूद रहे।



