नई दिल्ली: भारत ने पाकिस्तान को एशिया कप टी20 क्रिकेट टूर्मामेंट में करारी शिकस्त दी है। दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए मैच में तिलक वर्मा के शानदार प्रदर्शन की बदौलत पांच विकेट से रौंद दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तानी टीम 19.1 ओवर में 146 रनों पर ढेर हो गई। इसके जवाब में भारतीय टीम 19.4 ओवर में लक्ष्य हासिल किया। भारत की जीत में कुलदीप की गेंदबाजी और तिलक की बल्लेबाजी खास रही। कुलदीप ने चार विकेट लिए। वहीं, तिलक ने तीन चौकों व चार छक्कों की मदद से नाबाद 69 रन बनाए।
पाक पर भारत की जीत के बाद बधाईयों को तांता लग गया। दिल्ली-एनसीआर समेत दूसरे मेट्रो शहरों में पटाखेबाजी की गई। लोगों ने एक-दूसरे को बधाईयां दी। देर रात तक अलग-अलग शहरों में जीत का जश्न चलता रहा। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए भारतीय टीम को एक्स पर बधाई दी।
#OperationSindoor on the games field.
— Narendra Modi (@narendramodi) September 28, 2025
Outcome is the same – India wins!
Congrats to our cricketers.
शुरुआत अच्छी होने के बावजूद पाक टीम लड़खड़ाई, 147 पर ढेर
इससे पहले भारत ने टास जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया। टीम इंडिया तीन बदलावों के साथ मैदान में उतरी थी। चोटिल होने की वजह से हार्दिक पांड्या की जगह रिंकू सिंह को अंतिम इलेवन में शामिल किया गया था। जबकि अर्शदीप की जगह जसप्रीत बुमराह और हर्षित राणा की जगह शिवम दुबे को मैदान में उतरने का मौका मिला। दूसरी तरफ पाकिस्तान ने अपनी टीम में कोई बदलाव नहीं किया था।
पाकिस्तानी पारी की शुरुआत सधी हुई थी। पहले तीन ओवर में पाक ने बगैर किसी नुकसान के 19 रन बना लिए थे। पकिस्तान की ओर से साहिबजादा फरहान और फखर जमां मैदान में जमे थे। अगला तीन ओवर भी भारत के लिए ठीक नहीं रहा। पावर प्ले के पहले छह ओवर में पाकिस्तान ने बगैर किसी नुकसान के 45 रन बना लिए थे। अगले तीन ओवर में पाक खिलाड़ी जमे रहे और आठ रन प्रति ओवर की ज्यादा के औसत से 77 रन बना लिए। इसमें सााहिबजादा के 35 गेंदों में 50 रन शामिल थे।
भारत को पहली सफलता वरुण चक्रवर्ती ने दिलाई। साहिबजादा को आउट कर उन्होंने 84 रनों की पहले विकेट की साझेदारी तोड़ी दी। साहिबजादा ने पांच चौकों और तीन छक्कों की मदद से 57 रन बनाए। अगला विकेट कुलदीप यादव ने लिया। 14 रनों खेल रहे अयूब ने बुमराह को कुलदीप की गेंद पर कैच थमा दिया। पाक को तीसरा झटका अक्षर पटेल ने दिया। बगैर खाता खोले मोहम्मद हारिस को रिंकू सिंह ने कैच कर लिया। 14 ओवर्स में पाक ने तीन विकेट पर 118 रन बना लिए थे।
चौथा विकेट पाक को ओपनर फखर जमां का गिरा। वरुण चक्रवर्ती ने उनको 46 रनों पर आउट कर दिया। इसके बाद अगला विकेट हुसैन तलत का गिरा। इससे आधी टीम पेवेलियन वापस लौट चुकी थी। अब जाकर भारतीय गेदबाजों ने वापसी की और पाक को मुश्किल में डाल दिया। कुलदीप यादव ने कप्तान सलमान आगा को आउट किया। वह सात गेंदों पर आठ रन बना सके। अगला विकेट भी कुलदीप यादव के नाम रहा, जिनकी एक गेंद पर शाहीन अफरीदी को खाता खोले बिना वापस होना पड़ा। फहीम अशरफ को अपना शिकार बनाते हुए कुलदीप यादव ने अपने खाते में चार विकेट डाल लिए। अशरफ भी खाता नहीं खोल सके। आगे को माेर्चा अनुभवी तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने संभाला और उन्होंने हारिस रऊफ को बोल्ड कर दिया।
अच्छी शुरुआत के बावजूद पाकिस्तानी टीम 19.1 ओवर में 147 रनों पर धाराशायी हो गई। सबसे ज्यादा 57 रन साहिबजादा फरहान ने बनाए। भारत की तरफ से कुलदीप यादव ने चार विकेट झटके। जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती और अक्षर पटेल ने दो-दो विकेट लिए। पाकिस्तान की तरफ से तीन बल्लेबाज ही दहाई का आंकड़ा पार सके। वहीं, तीन को खाता तक नहीं खुल सका।
शुरुआत झटकों के बावजूद भारत ने दर्ज की धमाकेदार जीत
लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत अच्छी नहीं रही। पहले दो विकेट 10 रन के स्कोर पर गिर गए। पारी की शुरुआत अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल ने की। पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले अभिषेक शर्मा का बल्ला फाइनल में नहीं चल सका। वह फहीम अशरफ की गेंद पर पांच रन बनाकर आउट हो गए। भारत का दूसरा विकेट भी 10 रन के स्कोर पर गिर गया। कप्तान सूर्यकुमार यादव एक रन बनाकर आउट हो गए। शाहीन अफरीदी की गेंद पर सलमान आगा ने सूर्यकुमार के बल्ले से निकली गेंद को कैच कर लिया। अगला विकेट भी भारत का जल्द गिरा। शुभमन गिल 10 गेदों पर एक चौके की मदद से 12 रन पर खेल रहे शुभमन गिल भी आउट हो गए। इससे एकबारगी मैच हाथ से छूटता हुआ नजर आया।
लेकिन इसके बाद तिलक और सैमसन से सधी हुई बल्लेबाजी कर टीम इंडिया को संभालने की कोशिश की। दोनों ने चौथे विकेट की लिए अर्धशतकीय साझेदारी पूरी की। शुरुआती झटके बाद भारत अब मैच में वापसी करता दिखा। लेकिन तभी अबरार अहमद ने संजू सैमसन को आउट कर भारत को चौथा झटका दिया। सैमसन 21 गेंदों में दो चौकों व एक छक्के की मदद से 24 रन बना सके। हालांकि अब भारत का स्कोर 77 रन पर था। इससे मैच पर पकड़ नहीं छूटी। तिलक वर्मा ने एक छोर को संभाले रखा और 41 गेंदों में अंतरराष्ट्रीय कैरियर का चौथा अर्धशतक जड़ा। भारत इस वक्त चार विकेट पर 111 रन पर खेल रहा था। जीत के लिए अभी भी टीम इंडिया को 24 गेंद में 36 रनों की जरूरत थी।
पांचवे विकेट के लिए तिलक का शिवम दुबे ने बखूबी साथ दिया। पांचवे विकेट के अर्धशतकीय साझेदारी पूरी करते हुए दोनों बल्लेबाजों ने भारत का स्कोर 130 तक पहुंचा दिया। लेकिन अभी भी भारत को 12 गेंदों पर 17 रन चाहिए थे। इसी बीच भारत को पांचवा झटका शिवम दुबे के तौर पर मिला। 22 गेंदों पर दो चौकों व दो छक्कों की मदद से दुबे ने 33 रन बनाए। इस वक्त भारत को छह गेंदों पर 10 रनों की जरूरत थी। आखिरी ओवर में रिंकू सिंह ने चौका लगाकर पाकिस्तान को इस टूर्नामेंट में भारत से लगातार तीसरी बार हार का स्वाद चखा दिया। बाउंड्री क्रास होते ही पूरा स्टेडियम तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। अमूमन शांत दिखने वाले मुख्य कोच गौतम गंभीर भी अपने जोश पर नियंत्रण नहीं रख सके। ड्रेसिंग रूम में वह खिलाड़ियों से गले मिलते दिखे।



