नालंदा: जिले के हरनौत बाजार स्थित गोनावां रोड पर रविवार की शाम बड़ा हादसा हो गया। आरपीएस कॉलेज के निकट बन रहे रेलवे ओवरब्रिज का स्लैब अचानक ढह गया, जिससे निर्माण कार्य में जुटे आधा दर्जन से अधिक मजदूर मलबे में दबकर घायल हो गए। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और मौके पर देखते ही देखते हजारों लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने फौरन राहत कार्य शुरू किया और पुलिस की मदद से दबे हुए मजदूरों को बाहर निकाला गया। सभी घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया है।
आरओबी पुल का स्लैब गिरा
घटनास्थल पर मौजूद स्थानीय लोगों ने बताया कि पुल की ढलाई हो रही थी, उसी दौरान अचानक पुल का स्ट्रक्चर गिर गया। पुल में काम कर रहे कुछ कर्मी नीचे काम कर रहे थे, जो इसकी चपेट में आकर गंभीर रूप से जख्मी हो गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि ओवरब्रिज निर्माण के दौरान बेस मजबूत नहीं रहने के कारण यह हादसा हुआ है। अभी भी पुलिस के सहयोग से मलबा हटाया जा रहा है।
यह भी पढ़ेंः चुनावी मोड में आई बीजेपी ने प्रदेश चुनाव समिति का किया ऐला
वहीं, घटना की सूचना मिलते ही हरनौत थाना पुलिस अपने दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर जांच में जुट गई। हरनौत थाना अध्यक्ष अमरदीप कुमार ने बताया कि ओवरब्रिज निर्माण के दौरान पुल गिरा है, लेकिन पुल कैसे गिरा इसकी स्पष्ट जानकारी अभी नहीं है। मामले की जांच की जा रही है। सभी जख्मियों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
आपको बताते चलें कि करोड़ों रुपए की लागत से हरनौत बाजार स्थित गोनावां रोड में पिछले एक वर्ष से रेलवे ओवरब्रिज का कार्य कछुए की गति से चल रहा है। स्थानीय जनप्रतिनिधि और बाजारवासियों द्वारा रेलवे ओवरब्रिज को तेज गति से निर्माण करने की लगातार मांग की जा रही थी। बरसात के दिनों में लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा था।



