‘बिहार के धृतराष्ट्र हैं नीतीश, 20 साल तक सिर्फ कुर्सी बचाई’

बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सीएम नीतीश कुमार को बिहार का धृतराष्ट्र करार दिया है। उन्होंने तीखा हमला बोलते हुए कुर्सी के लिए भ्रष्टाचारी अधिकारियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया।

Share This Article:

पटना: बिहार की राजनीति में आज विधानसभा में नेता विपक्ष तेजस्वी यादव ने सत्तापक्ष पर सीधा हमला बोला। तेजस्वी यादव ने राजधानी पटना में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और एनडीए सरकार को घेरते हुए कई गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि ‘यह नकलची सरकार है, जिसके पास विज़न नहीं है। 20 साल से बिहार की जनता को सिर्फ धोखा दिया गया है।

नीतीश पर हमला

तेजस्वी यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की शुरुआत में सभी को नवरात्रि की शुभकामनाएं दीं। इसके बाद उन्होंने सीएम नीतीश कुमार से कई सवाल पूछते हुए कहा कि वे लगातार 20 साल से सत्ता में हैं लेकिन अब तक बिहार की जनता को ठोस परिणाम नहीं मिले। उन्होंने कहा – ‘सरकार घोषणाएं करती है, लेकिन उनका विजन कहां है? डबल इंजन की सरकार जनता को केवल चुनावी जुमलों से बहला रही है।’

बजट और घोषणाओं पर उठाए सवाल

तेजस्वी ने बिहार सरकार के बजट और घोषणाओं पर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि बिहार का कुल बजट 3 लाख 17 हजार करोड़ था, उसके बाद सप्लीमेंट्री बजट में 51 हजार करोड़ और फिर 20 हजार करोड़ की मांग की गई। उनका आरोप था कि सरकार के पास कुल 3.95 लाख करोड़ रुपए उपलब्ध हैं, जिनमें से करीब 2 लाख करोड़ कमिटेड फंड है और बाकी योजनाओं में पहले से बंधा हुआ है। ऐसे में उन्होंने पूछा कि- ‘इतना पैसा कहां से आएगा? रेवन्यू कैसे बढ़ेगा? प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मिलकर 7.08 लाख करोड़ की घोषणाएँ कर दीं। क्या यह संभव है?’

महिलाओं के लिए ₹500 प्रतिमाह की आलोचना

तेजस्वी ने नीतीश सरकार की महिलाओं के लिए आर्थिक सहायता योजना पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि 20 साल में अगर गणना करें तो सरकार ने महिलाओं को केवल ₹500 प्रति माह दिया है, जो हर दिन का जोड़कर मात्र ₹1 बनता है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार ने बिहार की महिलाओं का अपमान किया है। यह केवल चुनावी लालच है, वास्तविक सशक्तिकरण नहीं।

भ्रष्टाचार के मामलों पर सरकार को घेरा

प्रेस कॉन्फ्रेंस में तेजस्वी ने बिहार में फैले भ्रष्टाचार को लेकर भी तीखा हमला किया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी इंजीनियरों और अधिकारियों के यहाँ करोड़ों की अवैध संपत्ति मिली, लेकिन किसी पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।

तेजस्वी ने कहा-

  • 13 करोड़ कैश एक इंजीनियर के घर से मिला, 500 करोड़ की संपत्ति मिली- लेकिन हुआ क्या?
  • एक अधिकारी ने तो 12 करोड़ रुपए जला दिए, लेकिन कार्रवाई शून्य रही।
  • शिक्षा और वित्त विभाग के अफसरों के यहां करोड़ों मिले, लेकिन सीबीआई वहां नहीं पहुँचती। सीबीआई तो सिर्फ हमारे यहां आती है।

महिलाओं को 2500 रुपए देने का वादा

तेजस्वी यादव ने भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई और सत्ता में आने पर नई योजनाएँ लागू करने का वादा किया। उन्होंने घोषणा की कि अगर उनकी सरकार बनी तो महिलाओं को ₹2500 प्रतिमाह की आर्थिक सहायता दी जाएगी, जो कभी वापस नहीं ली जाएगी। उन्होंने कहा कि हम मां-बहनों को सम्मान देंगे, उनके खातों में सीधी मदद देंगे। यह हमारी सोच है, न कि चुनावी जुमला।

नीतीश जी बिहार के धृतराष्ट्र हैं- तेजस्वी

तेजस्वी ने सीएम नीतीश कुमार को बिहार का धृतराष्ट्र बताते हुए कहा कि उन्होंने 20 साल तक सिर्फ अपनी कुर्सी बचाने के लिए भ्रष्ट अधिकारियों को बढ़ावा दिया। उन्होंने कहा कि बिहार इस समय भ्रष्टाचार और बेरोजगारी के टाइम बम पर बैठा है। अब जनता सबक सिखाएगी। सत्ता और अधिकारी दोनों डरे हुए हैं।

हमारे पास विज़न है, इनके पास भ्रष्टाचार

तेजस्वी ने कहा कि विपक्ष ने 2020 से लगातार भ्रष्टाचार और घोटालों पर सवाल खड़े किए हैं, लेकिन सरकार ने कभी जवाब नहीं दिया। उन्होंने मांग की कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को अब जनता के सवालों का जवाब देना चाहिए। हमारे पास विजन है, इनके पास सिर्फ भ्रष्टाचार और जुमले हैं। जनता अब बदलाव चाहती है।

Sandeep Kumar

sandeepx4a@gmail.com

संदीप कुमार एक अनुभवी वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिन्हें समाचार जगत में 14 साल से ज्यादा काम किया है। इन्हें गहन शोध, सटीक रिपोर्टिंग और निष्पक्ष पत्रकारिता के लिए जाना जाता है। उन्होंने ETV Bharat, Hyderabad में साढ़े पाँच वर्षों तक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और राष्ट्रीय से लेकर क्षेत्रीय स्तर तक कई अहम खबरों को प्रभावशाली अंदाज में प्रस्तुत किया। इसके साथ ही उन्होंने Network 10, TOTAL News, MH1 समेत कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी अपनी पत्रकारिता का कौशल साबित किया। राजनीति, राष्ट्रीय सुरक्षा, समाज और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों पर पकड़ मजबूत है। इस समय newG india में कार्यरत हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

न्यूज़लेटर के लिए सब्सक्राइब करें

कैटेगरीज़

हम वह खबरची हैं, जो खबरों के साथ खबरों की भी खबर रखते हैं। हम NewG हैं, जहां खबर बिना शोरगुल के है। यहां news, without noise लिखी-कही जाती है। विचार हममें भरपूर है, लेकिन विचारधारा से कोई खास इत्तेफाक नहीं। बात हम वही करते हैं, जो सही है। जो सत्य से परामुख है, वह हमें स्वीकार नहीं। यही हमारा अनुशासन है, साधन और साध्य भी। अंगद पांव इसी पर जमा रखे हैं। डिगना एकदम भी गवारा नहीं। ब्रीफ में यही हमारा about us है।

©2025 NewG India. All rights reserved.