ग्रेटर नोएडा: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गौतम बुद्ध नगर जिले के इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो-2025 (UPITS-2025) का उद्घाटन किया। 25 से 29 सितंबर तक चलने वाला यह मेगा ट्रेड शो ‘अल्टीमेट सोर्सिंग बिगिन्स हियर’ थीम के साथ उत्तर प्रदेश की औद्योगिक, सांस्कृतिक और नवाचार क्षमता को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित करेगा। रूस इस बार पार्टनर कंट्री है, जो भारत-रूस व्यापारिक रिश्तों को और मजबूत करने का संकेत देता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि 2,400 से अधिक प्रदर्शक अपने उत्पादों और सेवाओं का प्रदर्शन कर रहे हैं। रूस के साथ यह टाइम-टेस्टेड पार्टनरशिप हमें वैश्विक व्यापार में नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी।
भारत के फिनटेक सेक्टर की विश्व स्तर पर चर्चा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत का फिनटेक सेक्टर आज विश्व स्तर पर चर्चा में है और इसने समावेशी विकास को नई दिशा दी है। उन्होंने बताया कि UPI, आधार, डिजी लॉकर और ONDC जैसे ओपन प्लेटफॉर्म हर किसी के लिए अवसर प्रदान करते हैं। मॉल में शॉपिंग करने वाला भी यूपीआई इस्तेमाल करता है, और सड़क पर चाय बेचने वाला भी। प्रधानमंत्री ने कहा कि पहले जो फार्मल क्रेडिट केवल बड़ी कंपनियों तक सीमित था, वह अब PM SWANidhi योजना से छोटे व्यापारियों और रेहड़ी-ठेले वालों तक पहुंच रहा है।

यूपी की कारीगरी का वैश्विक मंच
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में आयोजित इस तीसरे संस्करण में 80 देशों के 550 से अधिक विदेशी खरीदार और यूपी के 75 जिलों के 2,400 से अधिक प्रदर्शक हिस्सा ले रहे हैं। सीएम योगी ने बताया कि यह आयोजन MSMEs, स्टार्टअप्स और स्थानीय कारीगरों को वैश्विक पहचान दिलाने का मंच है। 1.25 लाख B2B और 4.50 लाख B2C आगंतुकों के आने की उम्मीद है।
‘एक जिला एक उत्पाद’ (ODOP) पवेलियन इस शो का मुख्य आकर्षण है, जिसमें 343 स्टॉल्स पर भदोही के कालीन, फिरोजाबाद के कांच के बर्तन, मुरादाबाद के धातु शिल्प और लखनऊ की चिकनकारी जैसे उत्पाद भी प्रदर्शित होंगे। ‘स्वाद उत्तर प्रदेश’ थीम के तहत 25 फूड स्टॉल्स पर मुरादाबादी दाल, बनारसी पान, मथुरा पेड़ा, जैन शिकंजी और पंछी पेठा जैसे व्यंजन आगंतुकों को लुभाएंगे।
AI मॉडल और स्टार्टअप जोन
आईटी और इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग का पवेलियन आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) मॉडल्स का लाइव डेमो, स्मार्ट डिस्प्ले और स्टार्टअप जोन के साथ आकर्षण का केंद्र होगा। समाज कल्याण मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने बताया, “जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय के 20 छात्रों और SC/ST उद्यमियों को भी आमंत्रित किया गया है, जो सामाजिक समावेशिता को दर्शाता है।
यह भी पढ़ें:- NDA में सीट बंटवारे का फार्मूला तैयार, मांझी को खास फायदा!
सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था मुस्तैद
आयोजन को देखते हुए नोएडा पुलिस ने 24 से 29 सितंबर तक नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर सुबह 7 बजे से रात 11 बजे तक भारी, मध्यम और हल्के वाणिज्यिक वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी है। ड्रोन, गुब्बारे और अन्य उड़ने वाली वस्तुओं पर भी 24 घंटे का प्रतिबंध लागू है। पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी कर रूट डायवर्जन की जानकारी दी, ताकि आगंतुकों को असुविधा न हो।



