न्यूजी इंडिया, नई दिल्ली: दिल्ली विकास प्राधिकरण द्वारा संचालित “दिल्ली ग्रामोदय अभियान” ने बुधवार को एक कीर्तिमान स्थापित किया। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली के 50 गाँवों में 80 से अधिक सार्वजनिक सुविधाओं और विकास कार्यों का उद्घाटन किया, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे को नई दिशा और गति मिलेगी। इन कार्यों में सड़क, जल निकासी, सामुदायिक केंद्र, और अन्य आवश्यक सुविधाएं शामिल हैं, जो ग्रामीणों की दैनिक जरूरतों को पूरा करने के लिए डिजाइन की गई हैं।
अभियान पीएम के ग्रामोदय के विजन से प्रेरित है
यह अभियान प्रधानमंत्री के ग्रामोदय के विजन से प्रेरित है, जिसका लक्ष्य ग्रामीण भारत को आत्मनिर्भर और समृद्ध बनाना है। अब तक इस अभियान के तहत 760 करोड़ रुपये की लागत से 854 विकास कार्यों को या तो पूरा किया जा चुका है या वे पूर्णता होने वाले हैं। ये कार्य ग्रामीणों की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार किए गए हैं, जिससे उनकी जीवनशैली में सकारात्मक बदलाव आ रहा है।
देश के लिए ग्रामीण विकास का एक मॉडल बनें
रेखा गुप्ता ने कहा, “दिल्ली ग्रामोदय अभियान ग्रामीण दिल्ली के विकास में मील का पत्थर साबित होगा। हमारा लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि दिल्ली के गाँव न केवल राजधानी के अन्य क्षेत्रों के समकक्ष हों, बल्कि पूरे देश के लिए ग्रामीण विकास का एक मॉडल बनें।”ग्रामीणों ने इस अभियान के प्रति अपनी खुशी और समर्थन व्यक्त किया है। उनकी जागरूकता और भागीदारी इस अभियान की सफलता का एक प्रमुख कारण है। दिल्ली सरकार और डीडीए के इस संयुक्त प्रयास से यह स्पष्ट है कि ग्रामीण दिल्ली अब उपेक्षा का शिकार नहीं रहेगी। मुख्यमंत्री नेतृत्व में दिल्ली सरकार इस अभियान को और अधिक गति देने के लिए प्रतिबद्ध है। यह पहल न केवल दिल्ली के गाँवों को सशक्त बनाएगी, बल्कि पूरे देश में ग्रामीण विकास के लिए एक मिशाल पेश करेगी।




