जम्मू कश्मीर: जम्मू कश्मीर के फल समेत अन्य उत्पाद अब सीधे दिल्ली पहुंचेंगे। यह ट्रेन कश्मीर के किसानों और व्यापारियों को एक सस्ता और भरोसेमंद माध्यम देगी, जिससे फल जैसे जल्द खराब होने वाले उत्पाद सीधे दिल्ली के बाजारों तक पहुंच सकेंगे। सोमवार को बड़गाम से इस कार्गो पार्सल ट्रेन को जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने श्रीनगर रेलवे स्टेशन से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। बड़गाम रेलवे स्टेशन से आदर्श नगर दिल्ली के बीच चलने वाली 8 पार्सल वैन कोच रैपिड कार्गो ट्रेन के प्रत्येक कोच की भार क्षमता 23 टन है।उद्घाटन समारोह में जम्मू-कश्मीर के कृषि मंत्री श्री जावीद अहमद डार, रेलवे बोर्ड के अतिरिक्त सदस्य डॉ. मनोज सिंह, जम्मू के मंडल रेल प्रबंधक विवेक कुमार, जम्मू के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल, कश्मीर घाटी के रेलवे क्षेत्र के मुख्य प्रबंधक साकिब यूसुफ, अन्य वरिष्ठ अधिकारी, स्थानीय व्यापारिक समुदाय के प्रतिनिधि और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।
इसको भी पढ़ें: जम्मू-कश्मीर में कुल 404 आद्रभूमियों में से 342 का हुआ सत्यापन
हर कोच की भार क्षमता 23 टन है
भारतीय रेलवे ने जम्मू मंडल के कश्मीर घाटी के बड़गाम रेलवे स्टेशन से आदर्श नगर दिल्ली के लिए 08 पार्सल वैन कोच रैपिड कार्गो ट्रेन (प्रत्येक कोच की भार क्षमता 23 टन) चलाने की घोषणा की थी। उद्घाटन समारोह के दौरान अपने संबोधन में, उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा, हमें इस महत्वपूर्ण पहल का हिस्सा बनकर खुशी हो रही है, जो क्षेत्र के आर्थिक विकास में योगदान देगी। इस नई पार्सल कार्गो ट्रेन सेवा का उद्देश्य विभिन्न उत्पादों और वस्तुओं के लिए एक तेज़, सुरक्षित और विश्वसनीय परिवहन विकल्प प्रदान करना है। इससे माल को समय पर उनके गंतव्य तक पहुँचाने में मदद मिलेगी और रसद लागत में भी कमी आएगी।
मंडल रेल प्रबंधक विवेक कुमार ने कहा कि यह एक ऐतिहासिक उपलब्धि और गर्व की बात है कि भारतीय रेलवे राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है और यह नई पार्सल कार्गो ट्रेन इस प्रतिबद्धता का प्रमाण है।



