नई दिल्ली: भारतीय महिला हॉकी टीम (India Women Hockey Team) ने एशिया कप (Asia Cup 2025) के सुपर-4 चरण की शुरुआत शानदार जीत से की। बुधवार को खेले गए मुकाबले में भारत ने मजबूत टीम कोरिया (India vs Korea) को 4-2 से मात दी। यह जीत भारत के आत्मविश्वास को बढ़ाने वाली रही।
शुरुआती गोल से बढ़त
मैच की शुरुआत में ही भारत को पेनाल्टी कार्नर मिला। उदिता के शॉट को कोरियाई गोलकीपर ने रोक दिया, लेकिन रिबाउंड पर वैष्णवी विठ्ठल फाल्के (Vaishnavi Phalke) (2वें मिनट) ने गोल दागकर भारत को शुरुआती बढ़त दिला दी। पहले क्वार्टर में कोरिया ने कई मौके बनाए लेकिन गोलकीपर बिचू देवी खारीबाम ने शानदार बचाव कर भारत को बढ़त बनाए रखा।
मध्यांतर तक भारत का पलड़ा भारी
22वें मिनट में मुमताज की रिवर्स हिट को भी कोरियाई गोलकीपर ने रोक दिया। हाफ टाइम तक स्कोर 1-0 पर ही रहा और भारत अपनी बढ़त सुरक्षित रखने में कामयाब रहा। कोरिया को कई पेनाल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन भारतीय डिफेंस और गोलकीपर की मजबूत दीवार ने उन्हें निराश किया।
दूसरे हाफ में गोलों की बरसात
तीसरे क्वार्टर की शुरुआत में ही संगीता कुमारी (Sangita Kumari) (33वें मिनट) ने शानदार फील्ड गोल कर भारत की बढ़त 2-0 कर दी। हालांकि, कोरिया की ओर से यूजिन किम (33वें मिनट) ने पेनाल्टी कॉर्नर पर गोल करके अंतर घटा दिया। इसी क्वार्टर में लालरेमसियामी (40वें मिनट) ने मैदानी गोल दागकर भारत को 3-1 की बढ़त दिला दी।
अंतिम पलों का रोमांच
चौथे क्वार्टर में कोरिया ने वापसी की कोशिशें तेज कीं। 53वें मिनट में किम ने एक और पेनाल्टी कॉर्नर पर गोल कर स्कोर 2-3 कर दिया। लेकिन अंतिम क्षणों में भारत ने मैच पूरी तरह अपने नाम कर लिया। 59वें मिनट में रुतुजा ददासो पिसल ने रिबाउंड पर गोल दागकर भारत की जीत सुनिश्चित कर दी।
गोलकीपिंग में बिचू देवी का जलवा
गोलकीपर सविता पूनिया (Savita Punia) की अनुपस्थिति में बिचू देवी खारीबाम को जिम्मेदारी सौंपी गई थी। उन्होंने लगातार बेहतरीन बचाव करते हुए साबित किया कि वह भारत के लिए भरोसेमंद विकल्प हैं। थाईलैंड और सिंगापुर के खिलाफ बांसुरी सोलंकी को मौका मिला था, लेकिन बड़े मैचों में बिचू देवी ने अपनी जगह पक्की कर ली है।
अगले मुकाबले में चीन से भिड़ंत
इस जीत के बाद भारत का आत्मविश्वास सातवें आसमान पर है। सुपर-4 चरण के अपने अगले मैच में गुरुवार को भारत का सामना चीन से होगा। यह मुकाबला सेमीफाइनल की राह तय करने में अहम साबित होगा।
- इसको भी पढ़ें: Hockey: बिहार की धरती पर अब हॉकी का महाकुंभ
भारत की यह जीत केवल स्कोरलाइन तक सीमित नहीं रही बल्कि टीम की रणनीति, डिफेंस और आक्रमण – सभी ने संतुलित खेल दिखाकर साबित कर दिया कि भारतीय महिला हॉकी टीम इस टूर्नामेंट की प्रबल दावेदार है।



