पटना: बिहार के हाजीपुर में बीती रात असामाजिक तत्वों ने जमकर उत्पात मचाया। राजापाकर थाना क्षेत्र के भलुई कल्याणपुर गांव के फकीर टोला में आइसक्रीम खरीदने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद रातभर के तांडव में बदल गया। इस घटना में असामाजिक तत्वों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया, जिसमें महुआ थानाध्यक्ष राजेश रंजन सहित चार पुलिसकर्मी घायल हो गए। हमलावरों ने पुलिस वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया और एक पिस्टल व राइफल छीन ली, जिसे बाद में पुलिस ने बरामद कर लिया।
आइसक्रीम के पैसे को लेकर हुआ विवाद
घटना की शुरुआत फकीर टोला में आइसक्रीम के पैसे को लेकर हुए विवाद से हुई। आइसक्रीम विक्रेता और स्थानीय युवकों के बीच कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन युवकों ने पुलिस पर ही हमला बोल दिया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए क्यूआरटी (क्विक रिस्पॉन्स टीम) और महुआ थानाध्यक्ष राजेश रंजन अतिरिक्त बल के साथ पहुंचे और विवाद कर रहे युवको को गिरफ्तार कर ले जाने लगे, जिन्हें छुड़ाने के लिए असामाजिक तत्वों ने फिर से हमला कर दिया जिसमें महुआ थानाध्यक्ष सहित चार पुलिस कर्मी घायल हो गए जिनका इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है।
इसको भी पढ़ें: शराब माफिया को पकड़ने गई पुलिस पर हमला, ASI का फटा सिर
तीन हमलावर गिरफ्तार
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया और गांव को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया। छीनी गई पिस्टल और राइफल भी बरामद कर ली गई। पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर अन्य आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। इस घटना ने क्षेत्र में तनाव पैदा कर दिया है और पुलिस प्रशासन ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया है। स्थानीय लोग इस हिंसक घटना से दहशत में हैं, और पुलिस ने असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया



