नई दिल्ली: केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय ने गुरुवार को राष्ट्रीय संस्थागत रैंकिंग फ्रेमवर्क (NIRF) रैंकिंग 2025 जारी कर दी है। इस बार देश के कॉलेज और विश्वविद्यालयों को कुल 17 कैटेगरी में रैंकिंग दी गई है। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में एक विशेष कार्यक्रम में 10वें संस्करण की रैंकिंग जारी की। इस बार भी ओवरऑल कैटेगरी में पिछली बार की तरह आईआईटी मद्रास पहले स्थान पर है. वहीं यूनिवर्सिटी कैटेगरी में पिछली बार की तरह भारतीय विज्ञान संस्थान पहले नंबर है। आइए जानते हैं कि इस बार यूनिवर्सिटी कैटेगरी में टॉप-10 विश्वविद्यालय कौन-कौन से हैं।
देश के अव्वल-10 विश्वविद्यालय
एनआईआरएफ रैंकिंग 2025 के अनुसार भारतीय विज्ञान संस्थान (IISc) इस बार भी देश की नंबर-1 यूनिवर्सिटी के स्थान पर बरकरार है। वहीं विश्वविद्यालय श्रेणी में जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU), नई दिल्ली ने दूसरा स्थान बरकरार रखा है, जबकि मणिपाल उच्च शिक्षा अकादमी (MAHE) दो पायदान चढ़कर तीसरे स्थान पर पहुंच गई है।
जामिया मिलिया इस्लामिया चौथे स्थान पर पहुंच गया है, जबकि दिल्ली विश्वविद्यालय पांचवें स्थान पर है। बनारस हिंदू विश्वविद्यालय छठें स्थान पर है। बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड साइंस (बिट्स), पिलानी सातवें नंबर पर, अमृता विश्व विद्यापीठम, कोयंबटूर आठवें स्थान पर, जादवपुर विश्वविद्यालय, कोलकाता नौवें और अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय दसवें स्थान पर है।
जामिया, बीएचयू और एएमयू की रैंकिंग में गिरवाट
पिछली बार बीएचयू यूनिवर्सिटी कैटेगरी की रैंकिंग में 5वें स्थान पर था, जो इस एक नबंर नीचे खिसकर छठें स्थान पर आ गया। वहीं पिछली बार छठें स्थान पर रहा डीयू इस बार पांचवें नंबर पर पहुंच गया। 2024 में आठवें स्थान पर रहा एएमयू इस बार 10वें नंबर पर पहुंच गया और तीसरे नंबर पर रहा जामिया मिलिया इस्लामिया इस बार चौथे स्थान पर पहुंच गया। वहीं पिछली बार दसवें स्थान पर रहा वेल्लोर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, वेल्लोर इस बार टॉप-10 की लिस्ट में जगह नहीं बना पाया है।
कौन-कौन सी थी कैटेगरी
इस वर्ष 17 रैंकिंग श्रेणियों के लिए सूची जारी की गई है, जिनमें समग्र, विश्वविद्यालय, कॉलेज, अनुसंधान संस्थान, इंजीनियरिंग, प्रबंधन, फार्मेसी, चिकित्सा, दंत चिकित्सा, कानून, वास्तुकला और योजना, कृषि और संबद्ध क्षेत्र, नवाचार, मुक्त विश्वविद्यालय, कौशल विश्वविद्यालय, राज्य सार्वजनिक विश्वविद्यालय, और सतत विकास लक्ष्य (एसडीजी) शामिल हैं. पिछली बार रैंकिंग कुल 16 कैटेगरी में जारी की गई थी।
दिल्ली विश्वविद्यालय का अब तक सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन
दिल्ली विश्वविद्यालय ने इस बार अपना अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दर्ज किया है। कुलपति प्रो. योगेश सिंह ने कहा कि एनआईआरएफ 2025 के 10वें संस्करण में दिल्ली विश्वविद्यालय का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन इसकी शैक्षणिक यात्रा में एक ऐतिहासिक क्षण है। विश्वविद्यालय श्रेणी में, डीयू छठे से पाँचवें स्थान पर पहुँच गया, जबकि शोध संस्थान श्रेणी में यह 14वें से 12वें स्थान पर पहुँच गया, जहाँ केवल आईआईटी और समर्पित शोध संस्थान ही उससे ऊपर रैंक कर पाए।
उन्होंने कहा कि दिल्ली विश्वविद्यालय ने समग्र श्रेणी में भी अपना 15वाँ स्थान बरकरार रखा, जिससे भारत के अग्रणी उच्च शिक्षा संस्थानों में से एक के रूप में इसकी प्रतिष्ठा और मजबूत हुई। प्रो. योगेश सिंह ने बताया कि शोध संस्थान श्रेणी में डीयू 14वें से 12वें स्थान पर पहुँच गया है, जहाँ केवल आईआईटी और समर्पित शोध संस्थान ही डीयू से ऊपर रैंक कर पाए हैं।
कॉलेज श्रेणी में, डीयू ने एक बार फिर राष्ट्रीय परिदृश्य पर अपना दबदबा बनाया है। भारत के सभी शीर्ष पाँच कॉलेज दिल्ली विश्वविद्यालय के हैं, जबकि शीर्ष 20 कॉलेजों में से 10 कॉलेज इसके घटक हैं, जो स्नातक शिक्षा में डीयू की बेजोड़ ताकत को दर्शाता है। उन्होंने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा, एनआईआरएफ में डीयू का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन विश्वविद्यालय के इतिहास में एक ऐतिहासिक क्षण और अपार गौरव का स्रोत है। यह हमारे संकाय, छात्रों, कर्मचारियों, पूर्व छात्रों और हितधारकों के समर्पण और सामूहिक प्रयास को दर्शाता है, और हमें शिक्षण, अनुसंधान और समाज सेवा में और भी अधिक ऊँचाइयों तक पहुँचने के लिए प्रेरित करेगा।”
डीयू के टॉप 5 कॉलेज
कुलपति ने विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि एनआईआरएफ़ 2025 की सूची में देश के टॉप 20 कॉलेजों में 10 कॉलेज दिल्ली विश्वविद्यालय के हैं। इनमें पहले सभी 5 स्थानों पर दिल्ली विश्वविद्यालय के ही कॉलेज रहे हैं। उन्होंने बताया कि देश भर के कॉलेजों की सूची में डीयू का हिंदू कॉलेज पहले स्थान पर रहा है। इसके साथ ही मिरांडा हाउस दूसरे, हंसराज कॉलेज तीसरे, किरोड़ीमल कॉलेज चौथे और सेंट स्टीफन कॉलेज पांचवें स्थान पर रहा है। कुलपति ने इन सभी उपलब्धियों के लिए सभी संबंधित लोगों को बधाई देते हुए कहा कि यह शिक्षकों, विद्यार्थियों, प्रिंसिपलों, कर्मचारियों और डीयू से जुड़े सभी लोगों के समूहिक प्रयासों का प्रतिफल है। कुलपति ने उम्मीद जताई कि अगले वर्ष दिल्ली विश्वविद्यालय व इससे जुड़े सभी कॉलेज और भी अच्छे परिणाम देते हुए सभी श्रेणियों में रिकॉर्ड कायम करेंगे।



