दिल्ली सरकार छात्रों को मेट्रो में रियायत देने पर कर रही विचार

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 25 ई-बसों को झंडी दिखाकर रवाना किया साथ ही ऐलान किया कि अब दिल्ली सरकार छात्रों को मेट्रो में रियायती देने पर विचार कर रही है।

Share This Article:

नई दिल्ली: दिल्ली विश्वविद्यालय में बृहस्पतिवार को लंबे समय बाद फिर से यूनिवर्सिटी स्पेशल बसें (यू-स्पेशल) दौड़ती नजर आईं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 25 ई-बसों को हरी झंडी दिखाकर छात्रों से किए वादे को पूरा किया। अब दिल्ली सरकार छात्रों को मेट्रो के रियायती पास उपलब्ध कराने पर भी काम कर रही है।इस दौरान रेखा गुप्ता ने दौलत राम कॉलेज तक बस में सफर किया जबकि ये उनके कार्यक्रम में शामिल नहीं था। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने वादा किया कि बस के बाद अब दिल्ली सरकार छात्रों को मेट्रो के रियायती पास उपलब्ध कराने पर भी काम कर रही है।

मुख्यमंत्री ने दिल्ली विश्वविद्यालय स्थित नॉर्थ कैंपस के खेल परिसर में यू-स्पेशल बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने वहां काफी देर समय बिताया। मुख्यमंत्री अचानक ही यू-स्पेशल बस में सवार हुई और अपने स्टाफ से कहा कि दौलतराम कॉलेज चलो। मुख्यमंत्री ने इसी कॉलेज से शिक्षा ग्रहण की है। विशेष बात यह कि इस कॉलेज में जाना मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में शामिल नहीं था। हतप्रभ स्टाफ व अफसरों को पता चला कि मैम अल्मा मेटर दौलत राम कॉलेज जाना चाहती है तो वे मुस्कराने लगे। बस में संगीत बजने लगा, छात्र गाने लगे और मुख्यमंत्री गुनगुनाने लगी। कॉलेज छात्रों को भी पता चल चुका था कि उनकी पुरानी छात्र व दिल्ली की सीएम आ रही हैं तो वे कॉलेज गेट पर उमड़ आए। कॉलेज गेट पर उतरते ही मुख्यमंत्री को छात्रों ने घेर लिया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कई छात्रों से गपशप शुरू कर दी और कहा कि तुम्हारी दीदी, तुमसे मिलने आ गई हैं। छात्र भी हंसते-मुस्कराते उनका अभिवादन करने लगे।

मुख्यमंत्री कॉलेज फेकल्टी के पुराने स्टाफ से की मुलाकात

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने छात्रों के अलावा कॉलेज फेकल्टी के पुराने स्टाफ से भी मुलाकात कर अपनत्व दिखाया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि यह क्षण उनके जीवन की पुरानी किताब का वह पन्ना खोल रहा है, जिसने उनके व्यक्तित्व और करियर को दिशा दी। उन्होंने कहा कि इसी कॉलेज के प्रांगण से उड़ान भरना सीखा, यहीं से संघर्ष की राह पकड़ी और यहीं से मिला वह आत्मविश्वास जिसने मुझे दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ का अध्यक्ष बनने और आगे चलकर जनसेवा की राह चुनने की प्रेरणा दी। दौलत राम मेरे लिए केवल दीवारों और क्लासरूम तक सीमित नहीं है, बल्कि यह वह अहसास है, जिसने मेरी सोच को आकार दिया, मेरे सपनों को दिशा दी और मेरे जीवन को एक लक्ष्य दिया। मुख्यमंत्री ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि एक साधारण परिवार की बेटी जब इस कॉलेज में पढऩे आई, तो उसे नहीं पता था कि उसकी राह दिल्ली सचिवालय तक जाएगी और वह मुख्यमंत्री के पद तक पहुंचेगी।

मेहनत, संघर्ष और आत्मविश्वास से लक्ष्य हासिल किया जा सकता है

यह यात्रा इस बात का प्रमाण है कि मेहनत, संघर्ष और आत्मविश्वास से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। मुख्यमंत्री ने कॉलेज के छात्रों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि आप सभी भाग्यशाली हैं कि दिल्ली विश्वविद्यालय जैसे प्रतिष्ठित संस्थान का हिस्सा हैं। स्काय इज द लिमिट- ऊंचा सोचिए, ऊंचा करिए, न रुकिए, न थमिए और न हारिए। जिंदगी में न जाने कौन सी मंजिल आपका इंतजार कर रही है।

Sanjay Rai

sanjayrai.dj@gmail.com

संजय राय ने बीते 25 साल के प्रोफेशनल कैरियर में स्वास्थ्य, अपराध, शिक्षा, विकास समेत सभी बीट की कवरेज की है। दिल्ली सरकार, विधानसभा की कार्यवाही, भाजपा, कांग्रेस, आप सरीखे राजनीतिक दलों के साथ सामाजिक-सांस्कृतिक व आंदोलनात्मक गतिविधियों को भी कवर किया है। कई सत्रों में संसद की कार्यवाही पर भी कलम चलाई है। फिलवक्त NewG India में बतौर सीनियर स्पेशल काॅरेस्पोंडेंट अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं।

https://x.com/DjSanjayrai

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

न्यूज़लेटर के लिए सब्सक्राइब करें

कैटेगरीज़

हम वह खबरची हैं, जो खबरों के साथ खबरों की भी खबर रखते हैं। हम NewG हैं, जहां खबर बिना शोरगुल के है। यहां news, without noise लिखी-कही जाती है। विचार हममें भरपूर है, लेकिन विचारधारा से कोई खास इत्तेफाक नहीं। बात हम वही करते हैं, जो सही है। जो सत्य से परामुख है, वह हमें स्वीकार नहीं। यही हमारा अनुशासन है, साधन और साध्य भी। अंगद पांव इसी पर जमा रखे हैं। डिगना एकदम भी गवारा नहीं। ब्रीफ में यही हमारा about us है।

©2025 NewG India. All rights reserved.