नई दिल्ली: दिल्ली के जैतपुर इलाके में एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है। हरि नगर स्थित एक पुराने मंदिर की दीवार अचानक गिर गई, जिसकी चपेट में आकर 8 लोगों की मौत हो गई है। मरने वालों में एक ही परिवार के चार लोग शामिल हैं। इस घटना ने इलाके में हड़कंप मचा दिया है और पुरानी इमारतों की सुरक्षा पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
दीवार गिरने का कारण और बचाव कार्य
यह हादसा उस समय हुआ जब पुरानी दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि आवाज इतनी तेज थी कि लोग दहशत में आ गए। तुरंत स्थानीय लोगों ने बचाव कार्य शुरू किया और दिल्ली फायर सर्विसेज को सूचना दी गई। फायर सर्विसेज की दो गाड़ियां तत्काल मौके पर पहुंची और बचाव अभियान में जुट गईं। मलबे में फंसे 8 लोगों को बाहर निकाला गया, लेकिन अस्पताल ले जाते समय उनकी मौत हो चुकी थी।
प्रशासन का बयान
इस घटना के बाद मौके पर पहुंची एडिशनल डीसीपी साउथ ईस्ट ऐश्वर्या शर्मा ने बताया, “हरि नगर में एक पुराना मंदिर है, जिसके बगल में कबाड़ियों की पुरानी झुग्गियां थीं। रात भर हुई भारी बारिश के कारण दीवार गिर गई। 8 लोग फंस गए थे, जिन्हें बचाकर अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, बाद में उन सभी की मौत हो गई। भविष्य में ऐसी कोई घटना न हो, इसके लिए हमने इन झुग्गियों को खाली करा दिया है।”
- इसको भी पढ़ें: Delhi Metro: मैजेंटा और पिंक लाइन पर बिना चालक चलेगी ट्रेन
जांच के आदेश और सुरक्षा पर सवाल
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इमारत काफी पुरानी थी और संभवतः रखरखाव की कमी या निर्माण में खामियों के कारण यह हादसा हुआ। हादसे के बाद से स्थानीय लोग इस बात को लेकर काफी नाराज हैं कि ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए पहले से कोई कदम क्यों नहीं उठाए गए। प्रशासन ने इस मामले में जांच के आदेश दे दिए हैं। दमकल विभाग और पुलिस की टीमें अभी भी मौके पर मौजूद हैं और आगे की कार्रवाई कर रही हैं। इस हादसे ने एक बार फिर दिल्ली की पुरानी और जर्जर इमारतों की सुरक्षा पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।



