पटना: बिहार की राजधानी पटना के बांसघाट इलाके में देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद की याद में कबाड़ से ‘वेस्ट टू वंडर’ थीम पार्क बनाया जाएगा, जिसका नाम ‘देशरत्न डॉ. राजेंद्र प्रसाद बिहार गौरव उद्यान’ होगा। इस पार्क का कुल क्षेत्रफल लगभग 10 एकड़ होगा और यह करीब 15 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया जाएगा। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इसका शिलान्यास किया है। यह पार्क विशेष रूप से डॉ. राजेंद्र प्रसाद के समाधि स्थल और जेपी गंगा पथ के बीच बनाया जाएगा, जिससे इसका दृश्य अत्यंत सुंदर और मनोरम होगा।
बेकार वस्तुयें से कलात्मक मूर्तियां और संरचनाएं
इस पार्क की खास बात यह है कि इसे चंडीगढ़ के फेमस रॉक गार्डन की तरह कबाड़, सिरेमिक, टूटे-फूटे टायर, विद्युत अपशिष्ट और धातु के बेकार हिस्सों से कलात्मक मूर्तियां और संरचनाएं बना कर सजाया जाएगा। इससे पर्यावरण संरक्षण, कूड़ा प्रबंधन और कला को बढ़ावा मिलेगा। पार्क में बिहार के गौरवशाली इतिहास और संस्कृति को दर्शाने वाले स्मारक होंगे, जिनमें बिहार की महान विभूतियां जैसे आर्यभट्ट, चाणक्य, सम्राट अशोक, लोकनायक जयप्रकाश नारायण और दशरथ मांझी की प्रेरणादायक कहानियां भी प्रदर्शित की जाएंगी।
- इसको भी पढ़े: बिहार में Satellite Township को मिली मंजूरी
पार्क बनेगा जागरूकता केंद्र
पार्क में नालंदा विश्वविद्यालय, विष्णुपद मंदिर, शेरशाह सूरी का मकबरा, विश्व शांति स्तूप, अशोक स्तंभ जैसे ऐतिहासिक और स्थापत्य कला के नमूने होंगे। इसके साथ ही बच्चों के लिए खेल सुविधाएं, जॉगिंग ट्रैक, फूड कोर्ट और छायादार स्थल भी बनाए जाएंगे। यह पार्क स्थानीय लोगों तथा पर्यटकों के लिए एक महत्वपूर्ण पर्यटन स्थल और पर्यावरण जागरूकता केंद्र बनेगा। इस पार्क में डॉ. राजेंद्र प्रसाद की 65 फीट ऊंची भव्य प्रतिमा भी स्थापित की जाएगी।
इसके अलावा, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस इलाके में लोकनायक जयप्रकाश नारायण के समाधि स्थल को भी इसी प्रकार विकसित करने के निर्देश दिए हैं ताकि क्षेत्र का सांस्कृतिक और ऐतिहासिक महत्व और बढ़ाया जा सके।
पर्यटन स्थल
यह वेस्ट टू वंडर थीम पार्क पटना के पर्यावरणीय संरक्षण, सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और पर्यटन विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जो स्थानीय लोगों को रोजगार और जागरूकता के अवसर प्रदान करेगा और पटना का एक नया पर्यटन आकर्षण बनकर उभरेगा।



