नई दिल्ली: Tesla Showroom In India इलॉन मस्क (Elon Musk) की इलेक्ट्रिक व्हीकल कंपनी टेस्ला 15 जुलाई को भारत में अपना पहला स्टोर शुरू करने वाली है। ये स्टोर मुंबई में खुल रहा है और लोगों के लिए एक एक्सपीरियंस सेंटर के तौर पर काम करेगा। यानी यहां न सिर्फ गाड़ियां बेची जाएंगी, बल्कि लोग टेस्ला की टेक्नोलॉजी और फीचर्स को भी करीब से देख सकेंगे। न्यूज एजेंसी रॉयटर्स ने ये जानकारी दी है।
बीते दिनों कंपनी ने मुंबई में बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स में एपल के फ्लैगशिप स्टोर मुंबई के पास ही 4 हजार वर्ग फीट को लीज पर लिया है। टेस्ला पहले चरण में अपने मॉडल Y SUVs को ला रही है। बता दें, इसे शंघाई फैक्ट्री से इंपोर्ट किया गया है। वहीं, भारत में इसकी कीमत करीब 48 लाख रुपए हो सकती है।
48 लाख रुपए की कार पर 21 लाख की इम्पोर्ट ड्यूटी
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, पांच मॉडल Y गाड़ियां चीन के शंघाई फैक्ट्री से पहले ही मुंबई में टेस्ला के शोरूम में पहुंच चुकी हैं। इन गाड़ियों की कीमत ₹27.7 लाख है। हालांकि इन पर ₹ 21 लाख से ज्यादा इम्पोर्ट ड्यूटी लगाई गई है। ऐसे में इसकी कीमत करीब 48 लाख हो जाएगी। ये ड्यूटी भारत के उस 70 टैरिफ के हिसाब से है, जो$ 40,000 से कम कीमत वाली आयातित गाड़ियों पर लगता है। इसमें अतिरिक्त शुल्क भी शामिल हैं।
दुनिया की सबसे ज्यादा बिकने वाली इलेक्ट्रिक कार है मॉडल Y
मॉडल Y दुनिया की अधिकतम बिकने वाली इलेक्ट्रिक कार है। कंपनी ने अमेरिका, चीन और नीदरलैंड से सुपरचार्जर कंपोनेंट, कार एक्सेसरीज, मर्चेंडाइज और स्पेयर्स भी इंपोर्ट किए हैं। भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा ऑटोमोबाइल मार्केट है। ऐसे में टेस्ला का भारत में आना इसलिए भी खास है।



