दिल्ली में जलभराव, उत्तराखंड में हाईवे बहा, कई राज्यों में भारी बारिश से जीवन अस्त-व्यस्त

देशभर में सक्रिय मानसून के चलते कई राज्यों में लगातार भारी बारिश हो रही है, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ है। इस बीच, मानसून ने सामान्य समय से दो दिन पहले महज 36 दिनों में पूरे देश को कवर कर नया रिकॉर्ड बनाया है।

Share This Article:

नई दिल्ली।देशभर में मानसून पूरी तरह सक्रिय है और कई राज्यों में लगातार हो रही भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है। इस बार मानसून ने सामान्य समय से दो दिन पहले, केवल 36 दिनों में पूरे देश को कवर कर लिया। हालांकि, मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों में इसकी रफ्तार कुछ धीमी पड़ सकती है।

दिल्ली में भारी बारिश से जलभराव

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में लगातार बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव हो गया। तुखमीरपुर में पिछले 24 घंटों के दौरान 160 मिमी बारिश दर्ज की गई। विकास मार्ग, संगम विहार, द्वारका, मुनीरका, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन और गाजीपुर मंडी सहित कई क्षेत्रों की सड़कें पानी में डूब गईं। कई जगह यातायात प्रभावित हुआ और एक कार पर पेड़ गिरने की घटना भी सामने आई।

उत्तराखंड में यमुनोत्री हाईवे बहा

उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में शुक्रवार को यमुनोत्री हाईवे का लगभग 100 मीटर हिस्सा बह गया, जिससे करीब 1,000 यात्री फंस गए। पिथौरागढ़ में भूस्खलन के कारण आदि कैलाश मार्ग बंद हो गया है। हरिद्वार में भी भारी बारिश के चलते सड़कों पर 3 से 4 फीट तक पानी भर गया।

उत्तर प्रदेश और बिहार में बारिश से मौतें

उत्तर प्रदेश के लगभग 30 शहरों में शुक्रवार को बारिश हुई। बारिश से जुड़े अलग-अलग हादसों में 10 लोगों की मौत हो गई। बुलंदशहर में मस्जिद की पुरानी दीवार गिरने से एक ही परिवार के दो लोगों की जान चली गई। हरदोई में दो बहनें नदी में बह गईं। वहीं बिहार के गोपालगंज में आकाशीय बिजली गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई।

राजस्थान में मकान ढहा, ट्रेनें प्रभावित

राजस्थान के धौलपुर में भारी बारिश के कारण एक मकान ढह गया, जिसमें छह लोग मलबे में दब गए। राज्य में छह ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं, जबकि कई अन्य ट्रेनें देरी से चल रही हैं।

महाराष्ट्र में राहत-बचाव अभियान जारी

महाराष्ट्र के पिंपरी-चिंचवड़ में 8 जुलाई को भारी बारिश के दौरान कचरे का पहाड़ खिसककर तीन मंजिला इमारत पर गिर गया था। हादसे में 16 लोग मलबे में दब गए थे। अब भी 8 से 9 लोगों के फंसे होने की आशंका है। मेयर रवि लांडगे के अनुसार अब तक सात लोगों को सुरक्षित निकाला जा चुका है, जबकि 4 से 5 लोग हादसे के तुरंत बाद बाहर निकल आए थे। राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है।

हिमाचल प्रदेश में स्कूल बंद, लैंडस्लाइड का अलर्ट

हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के कारण सिरमौर और सोलन जिले के सभी सरकारी एवं निजी स्कूल, कॉलेज और आंगनबाड़ी केंद्र शुक्रवार को बंद कर दिए गए। मौसम विभाग ने लैंडस्लाइड, अचानक बाढ़, पेड़ गिरने और सड़कें बंद होने की चेतावनी जारी की है।

गुरुवार शाम से शुक्रवार सुबह तक सिरमौर के पच्छाद में 207 मिमी, नाहन में 158.5 मिमी, कसौली में 145 मिमी और धर्मपुर में 136.8 मिमी बारिश दर्ज की गई। सोलन में 113 मिमी, पालमपुर में 109 मिमी और शिमला में 58.8 मिमी वर्षा हुई। भारी बारिश के कारण सिरमौर और शिमला जिलों में कई सड़कें यातायात के लिए बंद कर दी गई हैं।

Shivangi Shukla

Shivangi.shukla95512@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

न्यूज़लेटर के लिए सब्सक्राइब करें

कैटेगरीज़

हम वह खबरची हैं, जो खबरों के साथ खबरों की भी खबर रखते हैं। हम NewG हैं, जहां खबर बिना शोरगुल के है। यहां news, without noise लिखी-कही जाती है। विचार हममें भरपूर है, लेकिन विचारधारा से कोई खास इत्तेफाक नहीं। बात हम वही करते हैं, जो सही है। जो सत्य से परामुख है, वह हमें स्वीकार नहीं। यही हमारा अनुशासन है, साधन और साध्य भी। अंगद पांव इसी पर जमा रखे हैं। डिगना एकदम भी गवारा नहीं। ब्रीफ में यही हमारा about us है।

©2025 NewG India. All rights reserved.