नई दिल्ली। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को प्रातः 7 बजे जामा मस्जिद गेट नंबर-1 स्थित साउथ पार्क में पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं पूर्व सांसद विजय गोयल स्थानीय नागरिकों के साथ सामूहिक योग करेंगे। इस कार्यक्रम में विभिन्न समुदायों के लोग भी शामिल होंगे। विजय गोयल ने कहा कि योग को किसी धर्म, जाति या समुदाय से जोड़ना इसकी मूल भावना के विपरीत है। योग शरीर, मन और आत्मा के संतुलन का विज्ञान है, जो संपूर्ण मानवता के कल्याण के लिए है।

आपसी सम्मान सांस्कृतिक एकता
उन्होंने कहा कि पुरानी दिल्ली की गंगा-जमुनी तहज़ीब हमेशा से भाईचारे, आपसी सम्मान और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक रही है। इस परंपरा को आगे बढ़ाते हुए योग दिवस पर सभी समुदायों की भागीदारी एक सकारात्मक संदेश देती है।गोयल ने यह भी कहा कि योग आज विश्वभर में स्वास्थ्य और जीवनशैली सुधार का महत्वपूर्ण माध्यम बन चुका है। नियमित योग अभ्यास से शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक शांति और रोग प्रतिरोधक क्षमता में सुधार होता है।
उन्होंने सभी नागरिकों, युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों से अपील की कि वे 21 जून को प्रातः 7 बजे साउथ पार्क, गेट नंबर-1, जामा मस्जिद, दिल्ली में आयोजित योग कार्यक्रम में शामिल होकर स्वास्थ्य और सद्भाव का संदेश दें।



