लखनऊ: यूपी सरकार ने प्रदेश में चौथे इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम बनाने जा रही है। इसके तहत गोरखपुर में इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम के निर्माण का खाका तैयार है। इसमें जिले के ताल नदौर में 236.40 करोड़ रुपये में 50 एकड़ भूमि पर 18 महीनों इसका निर्माण पूरा होगा।
अधिकारी बताते हैं कि स्टेडियम के मुख्य परिसर का निर्माण 45 एकड़ में होगा। जबकि 5 एकड़ में अन्य सुविधाओं का विकासित होंगी। यह एयरपोर्ट से 23.6 किमी, राप्ती नगर बस अड्डे से 22 किमी तथा गोरखपुर जंक्शन से 20.8 किमी की दूरी पर है। बेहतर कनेक्टिविटी के लिए इसे एक संपर्क मार्ग से गोखपुर-वाराणसी हाइवे से भी जोड़ने की तैयारी है।
आईसीसी समेत विभिन्न वैश्विक संस्थाओं के मानकों के अनुसार स्टेडियम दो मंजिला होगा। इसमें 7 मुख्य पिच व 4 प्रैक्टिस पिच होंगी। इसकी क्षमता 30 हजार होगी। यह स्टेडियम मल्टीपर्पज यूज मॉड्यूल पर बनेगा। मतलब, यहां इंटरनेशनल क्रिकेटिंग इवेंट्स के साथ ही दूसरे बड़े कार्यक्रमों का आयोजन भी हो सकेगा।
एंट्री गेट, 2 स्टैंड, 2 पवेलियन व 1500 गाड़ियों की पार्किंग
क्रिकेट स्टेडियम को ईपीसी मोड पर बनाने की तैयारी है। इसके तहत स्टेडियम परिसर में एंट्री गेट्स, सिक्योरिटी चेक प्वॉइंट्स, ईस्ट व वेस्ट स्टैंड तथा नॉर्थ व साउथ पवेलियन का निर्माण होगा। परिसर में 1500 वाहनों की पार्किंग की क्षमता होगी। ईस्ट स्टैंड में 14,490 तथा वेस्ट स्टैंड में 14,490 के दर्शक बैठ सकेंगे।यहां दर्शकों के लिए कॉनकोर्स, टॉयलेट, पेयजल व्यवस्था, सर्विस रूम, फर्स्ट एड रूम, मर्केंडाइज स्टोर, वीडियो बोर्ड व मिड विकेट कैमरा प्लेटफॉर्म का निर्माण किया जाएगा।
साउथ पवेलियन में खिलाड़ियों का ड्रेसिंग रूम
नॉर्थ पवेलियन में 208 वीआईपी सीटिंग वाली गैलरी व 382 सीटिंग वाली मीडिया व ब्रॉडकास्टर्स गैलरी बनेगी। इसके ग्राउंड फ्लोर पर मीडिया एंट्रेंस लॉबी, ब्रॉडकास्टिंग कंट्रोल रूम, इक्विप्मेंट्स स्टोर रूम, किचन, स्टोर, सर्विसेस व यूटिलिटी एरिया होगी। साउथ पवेलियन में प्लेयर्स के ड्रेसिंग रूम व प्लेयर्स-मैच ऑफिशियल्स एरिया बनेगा। इसकी वीआईपी और वीवीआईपी गैलरी की क्षमता 1708 की होगी।



