नालंदा: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 का बिगुल बजते ही आचार संहिता लागू हो गई है। नालंदा के डीएम कुंदन कुमार और एसपी भरत सोनी ने कहा कि जिले के सभी 7 विधानसभा सीटों के लिए चुनाव प्रथम चरण यानी 6 नवंबर होगा। 10 अक्टूबर से नामांकन की प्रक्रिया शुरू होगी। 17 अक्टूबर नामांकन की आखिरी तारीख है। स्क्रूटनी 18 को और 20 अक्टूबर तक नाम वापस लिए जा सकेते हैं। 171 अस्थावां विधानसभा के विजय कुमार भूमि सुधार अपर समाहर्ता यहां के निर्वाचन आयुक्त हैं।बिहार शरीफ विधानसभा 172 वैभव नितिन काजले को निर्वाचन आयुक्त बनाया गया है। 173 राजगीर विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचन आयुक्त आशीष नारायण को बनाया गया है। 174 इस्लामपुर विधानसभा क्षेत्र की निर्वाचन आयुक्त रश्मि कुमारी, 175 हिलसा विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचन आयुक्त अमित कुमार पटेल, 176 नालंदा विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचन आयुक्त मनीष शर्मा और 177 हरनौत विधानसभा क्षेत्र के चुनाव आयुक्त श्रीकांत कुण्डलेकर को बनाया गया है।
एक बूथ पर 1200 मतदाता मतदान करेंगे
डीएम कुंदन कुमार और एसपी भरत सोनी ने संवाददाता सम्मेलन में बताया कि एक बूथ पर 1200 मतदाता मतदान करेंगे। इसको लेकर निर्वाचन आयोग द्वारा जारी निर्देश के अनुसार 2765 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। नए वोटर लिस्ट के अनुसार, जिले में कुल 22 लाख 33 हजार 999 मतदाता हैं। इनमें 11 लाख 77 हजार 411 पुरुष मतदाता और 10 लाख 56 हजार 535 महिला जबकि थर्ड जेंडर के 53, नौकरीपेश मतदाता 5594 मतदाता और पहली बार मतदान करने वाले 36531 युवा मतदाता हैं। 20 हजार 510 मतदाता दिव्यांग हैं। टोल फ्री नंबर 1950 पर किसी भी प्रकार की शिकायत, सुझाव या चुनाव से संबंधी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए गए हैं
पुलिस अधीक्षक भरत सोनी ने बताया कि निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए गए हैं। जिले को पैरामिलिट्री फोर्स (CAPF) की 110 कंपनियां मिलेंगी, जिनमें से 14 कंपनियां चुनाव पूर्व शांति व्यवस्था के लिए पहले ही नालंदा पहुंच चुकी हैं। एसपी ने चेतावनी देते हुए कहा कि चुनाव में गड़बड़ी फैलाने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा. 14,000 लोगों के खिलाफ 107 की कार्रवाई की गई है। 4 कुख्यात अपराधियों पर सीसीए (CCA-12) लगाया गया है। 201 लोगों पर सीसीए-3 के तहत कार्रवाई हुई है। 610 फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। सभी लाइसेंसी हथियारधारकों को थानों में जमा करने के आदेश दिए गए हैं। एसपी ने यह भी स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर फैलाई जाने वाली फेक न्यूज पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। हमारा मीडिया सेल एक्टिव है। किसी भी तरह की भ्रामक या झूठी खबर फैलाने वालों पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन ने सभी राजनीतिक दलों और आम नागरिकों से आदर्श आचार संहिता का सख्ती से पालन करने की अपील की है।



