नालंदा। बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के प्रचार के लिए रविवार को नालंदा के अस्थावां विधानसभा क्षेत्र में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने एक चुनावी जनसभा को संबोधित किया। महागठबंधन की ओर से राजद प्रत्याशी रविरंजन कुमार उर्फ छोटू मुखिया के समर्थन में वोट मांगते हुए तेजस्वी ने सत्तारूढ़ सरकार पर जमकर हमला बोला।
नीतीश सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
तेजस्वी यादव ने अपने संबोधन में नीतीश सरकार पर घूसखोरी और कमीशनखोरी का गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यह घूसखोरों और कमीशनखोरों की सरकार है। नल-जल योजना में कमीशनखोरी हो रही है। 5 किलो अनाज के बदले जनता को 3 किलो अनाज देकर बाकी का पैसा हड़प लिया जाता है। उन्होंने अस्पतालों की बदहाल स्थिति पर भी सवाल उठाए और कहा कि मरीजों को इलाज के बजाय रेफर कर दिया जाता है।
बिहार में कानून-व्यवस्था चरमराई
तेजस्वी ने अपराध के बढ़ते मामलों का जिक्र करते हुए कहा कि बिहार में कानून-व्यवस्था चरमरा गई है। उन्होंने जनता से अपील की। उन्होंने कहा कि हमें एक बार मौका दीजिए, हम सारी व्यवस्था में सुधार करेंगे। अपराध, भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी को जड़ से खत्म करेंगे।
यह भी पढ़ेंः ‘महागठबंधन जीता तो अपहरण-रंगदारी-लूट के 3 नए मंत्रालय खुलेंगे’
जनता से बदलाव की अपील
उन्होंने यह भी दावा किया कि राजद के घोषणा पत्र के बाद नीतीश कुमार को पेंशन राशि बढ़ाने की याद आई। तेजस्वी ने नालंदा की जनता से महागठबंधन को वोट देकर बदलाव लाने की अपील की और कहा कि उनकी सरकार पलायन को रोकने के लिए ठोस कदम उठाएगी।
बाल-बाल बचा हेलीकॉप्टर
जनसभा के लिए बिंद पहुंचे तेजस्वी यादव के हेलीकॉप्टर की लैंडिंग के दौरान एक छोटी सी घटना होते-होते बची। हेलीकॉप्टर के इर्द-गिर्द कई झंडे और पॉलिथीन उड़ने लगे, लेकिन गनीमत रही कि वे हेलीकॉप्टर से नहीं टकराए।



